बाल मजदूरी पर सख्ती, हर प्रखंड से 50 युवा होंगे चिह्नित

भास्कर न्यूज | जामताड़ा उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में श्रम, नियोजन, कौशल विकास और उद्योग विभाग की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में उपायुक्त ने श्रमिकों के निबंधन में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संगठित और असंगठित क्षेत्र के मजदूरों, खासकर प्रवासी श्रमिकों का पंजीकरण बढ़ाया जाए। उन्होंने श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी से प्रवासी श्रमिकों से जुड़े सवालों पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। उपायुक्त ने सभी तकनीकी विभागों से निर्माण कार्य में लगे मजदूरों की सूची लेने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाए। प्रखंड स्तर पर वर्कशॉप और फ्लेक्स-बैनर के जरिए जागरूकता फैलाई जाए। उन्होंने कहा कि श्रमिकों और उनके परिवारों को मेधावी छात्रवृत्ति, मातृत्व सुविधा, अंत्येष्टि सहायता, मृत्यु/दुर्घटना सहायता और सेफ्टी किट जैसी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने जिले के ढाबों, होटलों और प्रतिष्ठानों में औचक छापेमारी कर बाल मजदूरी पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *