भास्कर न्यूज | दुमका दुमका के एक कॉलेज में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सेमेस्टर वन की एक आदिवासी छात्रा ने एक प्रोफेसर पर परीक्षा के दौरान छेड़खानी का आरोप लगाया है। छात्रा ने घाटना की सूचना मुफस्सिल थाना और कॉलेज प्रशासन को भी दी है। यह घटना बुधवार की है । आरोप है िक छात्रा जब अपनी परीक्षा दे रही थी इसी दौरान प्रोफेसर ने उसके साथ अश्लील हरकतें की। पीड़ित छात्रा ने पुलिस को दिए अपने आवेदन में बताया कि बुधवार दोपहर वह कॉलेज के बरामदे में परीक्षा दे रही थी। तभी बगल की सीट पर बैठे प्रोफेसर ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया। छात्रा के अनुसार, प्रोफेसर ने पहले उसका नाम और पता पूछा, फिर दबाव डालकर उसका मोबाइल नंबर मांगा। छात्रा के मना करने पर भी प्रोफेसर लगातार नंबर मांगते रहे। मजबूरन छात्रा ने अपने भाई का मोबाइल नंबर दे दिया। नंबर चेक करने के बाद प्रोफेसर ने आपत्ति जताते हुए कहा, यह तुम्हारा नंबर नहीं है। व्हाट्सएप पर किसी और की तस्वीर लगी है। इसके बाद वह गुस्साते हुए बोले, इतनी बड़ी हो गई हो और मोबाइल भी नहीं रखती हो। इस दौरान छात्रा की बगल में बैठी उसकी सहेली भी प्रोफेसर की इन हरकतों को देख रही थी। इसके बाद प्रोफेसर ने और भी अशोभनीय हरकतें कीं। छात्रा के अनुसार, प्रोफेसर पीछे से आए और कीड़ा होने का बहाना बनाकर उसे गलत तरीके से छुआ। जब छात्रा ने इसका विरोध किया, तो प्रोफेसर ने कहा, कीड़ा था, भगा दिया है। छात्रा ने बताया कि प्रोफेसर काफी देर तक उसके बारे में पूछते रहे और उसे गलत तरीके से छूते रहे। पुलिस जांच में जुटी है। कार्रवाई की मांग इस घटना से आहत छात्रा ने बुधवार देर शाम को ही मुफस्सिल थाने में प्रोफेसर के खिलाफ कार्रवाई के लिए आवेदन दिया। गुरुवार सुबह उसने कॉलेज के प्राचार्य से भी शिकायत की। घटना की जानकारी मिलने के बाद कॉलेज के छात्र नेताआं ने भी प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर प्रोफेसर पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि प्रोफेसर के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती है तो इसका अंजाम अच्छा नहीं होगा।


