भास्कर न्यूज | कवर्धा छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाध्यक्ष डॉ. रमेश कुमार चंद्रवंशी के नेतृत्व में जिला शिक्षा अधिकारी वाईडी साहू से मुलाकात की। प्रतिनिधियों ने शिक्षकों की 7 प्रमुख समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने मांग रखी कि शिक्षक संवर्ग की सेवा पुस्तिका और जीपीएफ पासबुक का अद्यतन (अपडेशन) कार्य सभी बीईओ और डीडीओ प्राचार्य कार्यालय में कैंप लगाकर किया जाए। शिक्षकों से सेवा पुस्तिका में हस्ताक्षर लिया जाए। प्रतिनिधियों ने कहा कि जिले के सहायक शिक्षकों को प्राथमिक स्कूलों में प्रधान पाठक के रिक्त पदों पर पदोन्नति दी जाए। दो शिक्षक वाले स्कूलों के लिए 18 कालखंड की समय सारिणी जिला स्तर से जारी की जाए। इससे एक प्रधान पाठक और एक सहायक शिक्षक मिलकर पांच कक्षाओं का सुचारू संचालन कर सकें। परिवीक्षा अवधि पूरी, अब तक समाप्ति आदेश जारी नहीं किया कोरोना काल में दिवंगत शिक्षकों के आश्रितों को सहायक ग्रेड-3 और भृत्य के पदों पर अनुकंपा नियुक्ति दी गई थी। तीन साल की परिवीक्षा अवधि पूरी होने के बाद भी अब तक समाप्ति आदेश जारी नहीं हुआ है। प्रतिनिधियों ने मांग की कि यह आदेश इसी सप्ताह जारी किया जाए। इस दौरान गोकुल जायसवाल, सुनील कान्सकर, प्रमोद जायसवाल, नरेश सिन्हा मौजूद थे। डीईओ वाईडी साहू ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि शिक्षकों की समस्याओं का समाधान जल्द किया जाएगा। सहायक ग्रेड-3 और भृत्य की परिवीक्षा समाप्ति का आदेश इसी हफ्ते जारी होगा। सहायक शिक्षकों के आवेदन की जांच कर त्रुटियों को सुधारा जा रहा है। प्राथमिक स्कूलों की समय-सारिणी जिला स्तर से जारी करने में असमर्थता जताई। उन्होंने स्थानीय व्यवस्था के अनुसार अध्यापन कराने कहा।


