घरों में घुसा पानी, मजदूर नाले में बहा:रेलवे ट्रैक पर चट्टान गिरी, सरगुजा-बिलासपुर में रेड अलर्ट

रायगढ़, कोरबा, बस्तर समेत कई शहरों में हो रही तेज बारिश, 4-5 दिन ऐसा ही रहेगा मौसम; देश में भी भारी बारिश छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में लगातार तेज बारिश हो रही है। रायगढ़ जिले में गुरुवार सुबह से हुई तेज बारिश से सड़कों पर पानी भर गया। कोरबा​ जिले में नाले का पानी चिमनीभठ्ठा बस्ती के घरों में घुस गया। बालको क्षेत्र में 30 से अधिक घरों में पानी भर गया था। इधर, कोरबी पुल निर्माण में काम कर रहा मजदूर उदय कुमार सिंह नाले के तेज बहाव में बह गया। दूसरी ओर, किरंदुल-कोत्तवालसा रेललाइन पर चट्टान गिरने से ट्रेनें प्रभावित हुईं। सरगुजा और बिलासपुर संभाग में अगले तीन दिनों तक तेज बारिश के चलते रेड अलर्ट जारी किया है। कहीं-कहीं पर भारी से अतिभारी बारिश हो सकती है। साथ ही पूरे छत्तीसगढ़ में अगले चार-पांच दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। इससे मौसम ठंडा रहेगा। दिन का तापमान सामान्य से कम रहेगा। मौसम विभाग ने बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, सुकमा, सूरजपुर, बलरामपुर और गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में मध्यम से भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। किरंदुल में ट्रैक पर भूस्खलन… 2 ट्रेनें रद्द, 4 का रूट बदला वाल्टेयर रेलमंडल के किरंदुल-कोत्तवालसा रेललाइन पर मल्लीगुड़ा-जड़ती स्टेशनों के बीच लैंडस्लाइड हो गई है। इससे मिट्टी और चट्टानें कटकर ट्रैक पर गिर गईं, जिससे रूट बाधित हो गया। किरंदुल-विशाखापट्टनम और हीराखंड दो ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। वहीं 4 ट्रेनों को अरकू व कोरापुट तक शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है। फिलहाल रूट को बहाल करने की कोशिशें जारी हैं। पेंड्रा: पानी के तेज बहाव में बह गई कार
पेंड्रा|जीपीएम जिले में भारी बारिश हो रही है। इससे बेलपत से कारीआम के बीच पानी के तेज बहाव में एक कार बह गई, लेकिन ग्रामीणों की तत्परता से कार सवारों की जान बच गई। इसके अलावा जोगीसार-बिलासपुर और पेण्ड्रा-बस्ती बगरा मार्ग बंद हो गए हैं। शिक्षकों की बसें घंटों फंसी रहीं। रायगढ़: तेज बारिश से कॉलोनियों में पानी
रायगढ़। जिले में 8-10 घंटे की लगातार बारिश से 10 से अधिक मोहल्लों और कॉलोनियों में 3-4 फीट पानी भरने से कई घरों में पानी घुस गया और जनजीवन प्रभावित हुआ। लोगों ने सोशल मीडिया पर नगर निगम के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। इसलिए रायपुर व दुर्ग में कम बारिश
मौसम विभाग के अनुसार इस समय बारिश का मुख्य केंद्र छत्तीसगढ़ का उत्तरी हिस्सा है। इस हिस्से में मानसून की गतिविधियां अधिक सक्रिय है। पश्चिमी राजस्थान, उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश और बंगाल की खाड़ी से लगे हुए उत्तरी ओडिशा में तीन चक्रवात है। इसी के साथ द्रोणिका उत्तर-पूर्व अरब सागर से उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। इन सभी सिस्टम का प्रभाव क्षेत्र उत्तरी ओड़िशा होने के कारण सरगुजा और बिलासपुर संभाग में भारी से अतिभारी बारिश हो रही है। मध्य छत्तीसगढ़ में रायपुर और दुर्ग में भी हल्की बारिश हो रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *