पलामू में पिकअप वैन पलटी, तीन लोगों की मौत:नशे में था ड्राइवर; गाड़ी पर 40 लोग थे सवार, सभी धान रोपने जा रहे थे सासाराम

पलामू में शुक्रवार को सड़क हादसे में पिकअप वैन सवार तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, 37 लोग जख्मी हो गए। घटना छतरपुर स्थित फोरलेन नेशनल हाईवे-98 सड़क पर कउवल गांव के पास हुई। बिहार जा रही पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे यह हादसा हुआ। पिकअप पर 40 लोग सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वैन का ड्राइवर नशे में था और गाड़ी की स्पीड काफी ज्यादा थी। सभी लोग गढ़वा के रंका और रमकंडा के आस पास के गांव के रहने वाले हैं। सभी बिहार के सासाराम के करगहर गांव में धान रोपने जा रहे थे। इसी बीच सड़क दुर्घटना के शिकार हो गए। डिवाइडर पर चढ़ी और पलट गई वैन प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पिकअप का ड्राइवर नशे में था और तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था। इससे गाड़ी अनियंत्रित होकर दाहिने साइड डिवाइडर पर चढ़ गई और सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। लोगों ने गांव से वाहन की व्यवस्था कर सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने तीन मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है
वहीं, जख्मी लोगों को प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच मेदनीनगर रेफर कर दिया गया। मृतकों की फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिहार से आने वाले वाहन चालक झारखंड में प्रवेश करते ही शराब का सेवन करते हैं। झारखंड और बिहार की सीमा पर स्थित अम्बा में उत्पाद विभाग की चेकपोस्ट पर जांच नहीं होने से ऐसी दुर्घटनाएं होती रहती हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *