सांसद राव राजेंद्र सिंह ने गिनाईं प्रदेश सरकार की उपलब्धियां:बोले- हाईवे पर अवैध कट बंद हो रहे, अंबेडकर का अपमान सोच ही नहीं सकते

राजस्थान सरकार का एक साल पूरा होने के मौके पर जयपुर ग्रामीण राव राजेंद्र सिंह ने नागौर में भाजपा सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं। नागौर में गुरुवार को भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा- सरकार ने संकल्प पत्र की 50 प्रतिशत घोषणाओं को पहले ही साल में पूरा कर लिया है। उन्होंने कहा- राइजिंग राजस्थान के तहत ऐतिहासिक एमओयू किए गए हैं। विशेष रूप से ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में सरकार ने बड़े एमओयू किए हैं। प्रदेश सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के जीडीपी राजस्व को इस कार्यकाल में दोगुना किया जाए। कार्बन उत्सर्जन को शून्य करने और राजस्थान को एनर्जी हब बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार काम कर रही है। SI भर्ती को लेकर कहा- मेरा जवाब देना अपरिपक्व होगा एसआई भर्ती प्रकरण में धांधली के आरोपियों के सर्विस जॉइन करने को लेकर सांसद राव राजेंद्र सिंह ने कहा- इस बारे में मेरा जवाब देना अपरिपक्व होगा। इसमें जो कुछ गड़बड़ी हुई है, उनकी जांच करेंगे। नागौर में किसानों को उचित भाव नहीं मिलने के प्रश्न पर सांसद राव राजेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार ने मापदंड तय किए हैं। उन्हीं के आधार पर क्षेत्रीय फसल की खरीद की जा रही है। नागौर भाजपा जिलाध्यक्ष रामनिवास सांखला ने बताया कि नागौर व डीडवाना जिले के लिए सरकार ने खरीद की तय सीमा से 20 प्रतिशत बढ़ाने का निर्णय लिया है। पैनोरमा के संरक्षण को लेकर कहा- देखभाल न होना चिंताजनक सांसद राव राजेंद्र सिंह ने कहा- क्षेत्रीय पैनोरमा की देखभाल नहीं होना चिंता का विषय है। सांसदों वाली समिति में नागौर के तीनों पैनोरमा की सुरक्षा व आमजन के लिए खोलने का प्रस्ताव लिया जाएगा। पैनाेरमा हमारी संस्कृति और लोक मान्यताओं की पहचान हैं। इसमें आमजन की पूरी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इसके लिए लोकल एजेंसी को पाबंद किया जाना चाहिए। जयपुर गैस टैंकर ब्लास्ट पर बोले- दोषियों के खिलाफ होगी कार्रवाई जयपुर गैस टैंकर ब्लास्ट को लेकर जांच कमेटी के सवाल पर सांसद राव राजेंद्र सिंह ने कहा- सरकार दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मंशा रखती है। भांकरोटा हादसे के बाद सभी नेशनल हाईवे पर एनएचएआई के निर्देशन में डिवाइडरों के अवैध कट बंद किए जा रहे हैं। राज्य सरकार को इस हादसे की जिम्मेदारी का निष्कर्ष निकालते हुए दोषियों पर कार्रवाई करनी चाहिए। सांसद राव राजेंद्र सिंह ने कहा- बाबा साहब के अपमान को लेकर कांग्रेस बिना बात के मुद्दा बना रही है। अंबेडकर आधुनिक भारत के निर्माता हैं। ये सोचने वाली बात है कि प्रजातांत्रिक भारत में कोई डॉ. अंबेडकर का अपमान करने की बात सोच भी कैसे सकता है, ये उनसे (कांग्रेस) पूछा जाना चाहिए। इस दौरान पूर्व विधायक मोहनराम चौधरी, सभापति मीतू बोथरा, रमेश अपूर्वा, घनश्याम सदावत, पदम सारस्वत समेत काफी लोग मौजूद थे। खींवसर विधायक रेवंतराम डांगा ने भी भाजपा कार्यालय में सांसद राव राजेंद्र सिंह से मुलाकात की। इस दौरान युवा नेता जगदीश बिड़ियासर भी मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *