भास्कर न्यूज | अमृतसर केंद्र की एनडीए सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों को समर्पित कार्यशाला ‘संकल्प से सिद्धि’ तक की यात्रा को लेकर बैठक की गई। यह बैठक भाजपा जिलाध्यक्ष हरविंदर सिंह संधू द्वारा भाजपा जिला कार्यालय शहीद हरबंस लाल खन्ना स्मारक में की गई। उनके साथ इस अवसर पर भाजपा उपाध्यक्ष जसपाल सिंह शंटू, सीनियर सिटिजन प्रकोष्ठ के महामंत्री विनोद खन्ना, सतपाल डोगरा, मंडल अध्यक्ष रोमी चोपड़ा भी उपस्थित थे। बैठक में सीनियर सिटीजन सैल के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। जिला प्रधान ने ‘सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्ष’ को लेकर हुई इस कार्यशाला में भाजपा कार्यकर्ताओं को केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर वर्ग को इस अभियान से जोड़ने और लाभार्थियों के अनुभव साझा करने की अपील की। अमृत काल में विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए मोदी सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियां गर्व का विषय है। जिला प्रधान ने आयुष्मान भारत योजना की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले किसी परिवार में बीमारी संकट बन जाती थी, लेकिन आज देश के 50 करोड़ लोग इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं।


