गढ़वा|बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के सुनील राम के पुत्र लक्ष्मी कांत 25 वर्ष की मौत सांप के काटने से हो गई। घटना के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम हाउस भेज दिया है। घटना के संबंध में बताया गया वह अपने खेत में कुछ काम कर रहा था। उसी बीच सांप ने उसे काट लिया। उसे सदर अस्पताल में लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कांडी|वर्षा ऋतु के शुरू होते ही प्राकृतिक आपदाओं की संख्या काफी बढ़ गई है। विशेषकर पानी में डूबने, आसमानी बिजली की चपेट में आने व सांप आदि विषैले जंतुओं के काटने की घटनाएं काफी बढ़ गईं हैं। इस तरह की दुखद सूचनाएं लगातार प्राप्त हो रही हैं। इस परिस्थिति में विधायक नरेश सिंह ने प्राकृतिक आपदाओं से विशेषकर बच्चों को बचाने की अपील की है। विश्रामपुर क्षेत्र के विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे बरसात के मौसम में अपने बच्चों पर विशेष निगरानी रखें। उन्होंने कहा कि वर्षा के कारण नहर, तालाब, पोखर और नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। जिससे डूबने जैसी दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने अभिभावकों से अनुरोध किया है कि वे अपने बच्चों को जलस्रोतों के किनारे जाने या उनमें नहाने से रोकें। अक्सर थोड़ी-सी लापरवाही भी एक अनमोल जीवन पर भारी पड़ जाती है। विधायक ने सभी पंचायत प्रतिनिधियों और युवाओं से भी अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता फैलाएं और लोगों को सतर्क करें।


