राजनांदगांव के कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने शनिवार को विकासखंड के दो गांवों का दौरा किया। उन्होंने अंजोरा में वृंदावन में आम का पौधा लगाया। इस मौके पर जिला पंचायत की सीईओ सुरूचि सिंह भी मौजूद रहीं। कलेक्टर ने अंजोरा में महिला स्वसहायता समूह द्वारा बनाए जा रहे गुरुचंदन, गोपीचंदन और रोली-कुमकुम जैसे उत्पादों का निरीक्षण किया। श्रीगणेशा हर्बल गुलाल यूनिट में पीपीपी मॉडल के तहत महिलाएं गुलाल, रोली, चंदन, कुमकुम और पूजन सामग्री बना रही हैं। यहां पैकेजिंग यूनिट भी स्थापित है। समूह की महिलाओं ने बताया कि इससे उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार मिल गया है। प्रोसेसिंग यूनिट के निर्माण को जल्द पूरा करने के निर्देश ग्राम सुकुलदैहान में कलेक्टर ने बिहान स्वर्ण उपज महिला किसान उत्पादक कंपनी की प्रसंस्करण इकाई का निरीक्षण किया। उन्होंने चना कलेक्शन केंद्र की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही यूनिट के विकास और उत्पादों की मार्केटिंग पर चर्चा की। कलेक्टर ने प्रोसेसिंग यूनिट के निर्माण को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में अंजोरा के सरपंच तोरण लाल धु्रर्वे, सुकुलदैहान की सरपंच सरस्वती चंद्रवंशी, जनपद पंचायत के सीईओ मनीष साहू और महिला समूह की सदस्याएं उपस्थित थीं।


