छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम मोहकम में अवैध रेत परिवहन करते 5 हाइवा वाहनों को जब्त किया गया है। जब्त वाहनों को तुमगांव थाने में रखा गया है। खनिज विभाग हाइवा मालिकों के खिलाफ FIR कराएगी। शनिवार को खनिज, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने सिरपुर के पास ग्राम मोहकम में छापेमारी की। टीम ने रेत का अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग करते 5 हाइवा को पकड़ा। खनिज अधिकारी योगेन्द्र सिंह ने कहा कि वाहनों पर खान एवं खनिज अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत कार्रवाई होगी। इस मामले में 2 से 5 वर्षों तक की सजा का प्रावधान है। दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर न्यायालय में केस फाइल की जाएगी। महासमुंद जिले में महानदी से अवैध रेत खनन की समस्या लगातार बनी हुई है। तय मात्रा से कई गुना अधिक रेत का डंप और परिवहन किया जा रहा है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। खनिज विभाग का विशेष अभियान जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।


