भास्कर न्यूज | राजनांदगांव जिले के सभी सरकारी कॉलेजों में प्रथम वर्ष के विभिन्न संकायों की खाली सीटों को भरने पहली प्रवेश सूची जारी की गई। लेकिन अब भी 50 से 60 फीसदी सीटें खाली हैं। इन सीटों को भरने दूसरी प्रवेश सूची जारी की गई। कटऑफ गिरने से कम प्रतिशत वाले विद्यार्थियों को एडमिशन लेने का मौका मिला। सभी संकायों की सीटें नहीं भरने की स्थिति में तीसरी और चौथी प्रवेश सूची जारी की जाएगी। जिले के सभी 10 सरकारी कॉलेजों में प्रथम वर्ष के विभिन्न संकायों में करीब 5650 सीटों पर एडमिशन दिया जाएगा। कॉलेज प्रबंधन ने पहली और दूसरी मेरिट सूची में जिन विद्यार्थियों का नाम आया है। उन्हें एडमिशन लेने 8 जुलाई तक का समय दिया है। विद्यार्थियों को ऑनलाइन फार्म जमा करने के दौरान जिले के सभी कॉलेजों में एडमिशन लेने का विकल्प चुनने का मौका दिया गया था। इस कारण कॉलेज की सीटों के मुकाबले आवेदन तो ज्यादा आए। लेकिन एडमिशन लेने वाले विद्यार्थियों की संख्या अभी कम है। इस साल पहली कटऑफ सूची में प्रतिशत 76 रहा, दूसरी में 65 तक गिरा, अब तीसरी प्रवेश सूची जारी करने की तैयारी है। विद्यार्थियों के पसंदीदा केवल दिग्विजय कॉलेज में दूसरी प्रवेश सूची जारी होने के बाद बड़ी संख्या में विद्यार्थी खाली सीटों में एडमिशन लेने पहुंच रहें है। दिग्विजय कॉलेज में बीए में 550, बीकॉम में 500, बीएससी बायो में 500, गणित में 400, बीसीए में 60 सीटें है। यहां डीसीए, पीजीडीसीए, टैली सहित अन्य संकाय संचालित है। दो प्रवेश सूची जारी करने पर यहां करीब 50 फीसदी सीटें खाली है। कई प्रतियोगी परीक्षाओं के नतीजे नहीं आने के कारण कॉलेज की प्रवेश सूची में नाम आने के बाद भी एडमिशन लेने विद्यार्थी नहीं पहुंच रहें है। दिग्विजय कॉलेज की प्राचार्य डॉ. सुचित्रा गुप्ता ने बताया प्रवेश सूची कॉलेज की वेबसाइट और सूचना पटल पर देखी जा सकती है। विद्यार्थियों को निर्धारित तिथि तक सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी जमा कर सत्यापन कराना अनिवार्य किया गया है। इसके बाद शुल्क जमा करना होगा। प्रवेश सूची में तिथि का उल्लेख किया गया है। समस्या या शिकायत होने पर विद्यार्थी तय तिथि से पहले प्रवेश समिति से संपर्क कर सकते है। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए अलग काउंटर बनाया गया और हेल्प डेस्क से मदद की जा रही है।


