कोडरमा में रविवार को एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में 32 वर्षीय शंकर दास की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। कोडरमा थाना क्षेत्र के बदडीहा निवासी शंकर दास रविवार दोपहर करीब एक बजे बिना किसी को बताए घर से निकले थे। घटना कोडरमा-गिरिडीह रेलखंड के कोडरमा टाउन स्टेशन के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शंकर कोडरमा बाजार से अपने घर लौट रहे थे। वह शराब के नशे में थे। रेल लाइन के पास मौजूद लोगों ने उन्हें पुल के नीचे से जाने की सलाह दी। लेकिन शंकर ने लोगों की सलाह नहीं मानी और सीधे रेलवे ट्रैक पार करने लगे। इसी दौरान कोडरमा जंक्शन से गिरिडीह की ओर जा रही एक मालगाड़ी की चपेट में आ गए। हादसे में उनका एक पैर कट गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आसपास के ग्रामीण भी जमा हो गए। कोडरमा पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।


