भास्कर न्यूज | राजनांदगांव जिला अस्पताल के ग्राउंड फ्लोर की उंचाई बढ़ाने का काम करीब डेढ़ माह पहले शुरू हुआ। लेकिन काम की धीमी गति के कारण 30 फीसदी काम पूरा हुआ जबकि डेढ़ माह बाद भी 70 फीसदी बाकी है। धीमी गति रही तो जिला अस्पताल में इस साल भी तेज बारिश में जल जमाव होगा। इस समय ओपीडी पंजीयन काउंटर, डॉक्टर्स रूम मेट्रन कक्ष, सीएस और स्टीवर्ड रूम को सामने वाले हॉल में शिफ्ट किया जा रहा है। अब यहां काम शुरू होगा। मानसून सिर पर है, मौसम वैज्ञानिकों ने आगामी दिनों में तेज बारिश की संभावना जताई है। पिछले हिस्से के बरामदे में ग्राउंड फ्लोर की उंचाई 3 फीट बढ़ाने मुरूम का पटाव किया गया। वहीं कुछ वार्डों में टाइल्स लग चुकी है। कई हिस्से में अब ग्राउंड फ्लोर और दीवारों पर टाइल्स लगाने का काम चल रहा है। अस्पताल के सामने वाले हिस्से में मशीनें बाधा बन रही है। ग्राउंड फ्लोर में संचालित वार्डों को फ़र्स्ट फ्लोर में शिफ्ट किया गया था। अब अस्पताल के सामने वाले हिस्से में ओपीडी पंजीयन काउंटर, हॉल, बरामदे, डॉक्टर्स रूम, सिविल सर्जन कक्ष का काम शुरू किए हैं।


