गोड्डा में मुहर्रम के मौके पर दो स्थानों पर झड़प:रास्ते को लेकर पथराव, मेहरमा में 6 लोग घायल; 4 की हालत गंभीर, पुलिस तैनात

गोड्डा जिले में मुहर्रम के मौके पर दो अलग-अलग स्थानों पर रविवार को तनाव की स्थिति बन गई। ठाकुरगंगटी और मेहरमा थाना क्षेत्रों में जुलूस के दौरान रास्ते और आपसी खेल को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद दोनों स्थानों पर मारपीट और पथराव की घटनाएं हुईं। इन घटनाओं में छह लोग घायल हो गए, जिनमें चार को गंभीर हालत में गोड्डा सदर अस्पताल रेफर किया गया है। हालात को काबू में करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और फ्लैग मार्च भी किया गया। मालप्रतापपुर में रास्ते को लेकर हुआ विवाद ठाकुरगंगटी थाना क्षेत्र के मालप्रतापपुर और दोगाछी गांव से निकले जुलूस के बीच रास्ते को लेकर विवाद हो गया। मालप्रतापपुर के मुखिया तनवीर आलम ने बताया कि गांव के लोग पारंपरिक लाठी खेलते हुए श्रीरामपुर मेले की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दोगाछी का मुहर्रम जुलूस भी वहीं पहुंच गया। दोनों पक्षों के बीच रास्ते को लेकर बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते पथराव में बदल गई। पथराव के दौरान कुछ घरों में भी पत्थर जा गिरे। प्रशासन ने संभाला मोर्चा, स्थिति नियंत्रण में घटना की जानकारी मिलते ही महागामा के एसडीओ आलोक वरण केसरी और एसडीपीओ चंद्रशेखर आजाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए चार थानों की पुलिस बुलाई गई। मालप्रतापपुर क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया गया। महागामा एसडीओ ने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और इलाके में लगातार निगरानी रखी जा रही है। मेहरमा में आपसी खेल बना विवाद की वजह दूसरी घटना मेहरमा थाना क्षेत्र के डोय कर्बला मैदान पर हुई, जहां कुमारडीह और हरीपुर गांव के लोगों के बीच आपसी खेल के दौरान विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर डंडे और पत्थरों से हमला कर दिया। इस घटना में छह लोग घायल हो गए। चार गंभीर घायल, सदर अस्पताल रेफर घायलों को प्राथमिक इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मेहरमा लाया गया, जहां डॉक्टर विवेक कुमार सिन्हा की निगरानी में इलाज हुआ। गंभीर रूप से घायल मोहम्मद रौनक, मोहम्मद उस्मान, पीर मोहम्मद और मोहम्मद रियाज को गोड्डा सदर अस्पताल रेफर किया गया। अन्य घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है। मेहरमा थाना प्रभारी ने बताया कि यह घटना आपसी खेल के दौरान हुई मारपीट का परिणाम है, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। सुरक्षा व्यवस्था सख्त, लोगों से शांति की अपील दोनों घटनाओं के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है। अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *