छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के कसडोल में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। IFC रेस्टोरेंट के पास एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने सड़क किनारे खड़ी एक बुजुर्ग महिला को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार तीन बार पलटी खा गई। इस हादसे में महिला की मौके पर मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब ड्राइवर मवेशी को बचाने की कोशिश में वाहन से नियंत्रण खो बैठा। मृत महिला की पहचान आद्या अस्पताल के संचालक डॉ. सुरेंद्र दिव्याकार की मां के रूप में हुई है। हादसे के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया। इससे आक्रोशित लोगों ने पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर कसडोल पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।


