नूंह में 45 साल का दूल्हा, 13 साल की दुल्हन:पिता ने नशे के लिए निकाह पढ़वाया, मौलवी फरार; दूल्हे की तीसरी शादी, 5 बच्चे

हरियाणा में नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका में एक 13 वर्षीय नाबालिग लड़की का निकाह 45 साल के व्यक्ति से करा दिया गया। आरोपी दूल्हा पहले ही 2 बार शादी कर चुका है। उसके पहले ही 5 बच्चे हैं। उसकी पहली पत्नी छोड़कर चली गई थी। वहीं दूसरी पत्नी उसके घर ही रहती है। नाबालिग लड़की की मां की मौत हो चुकी है। उसका पिता नशे का आदी है। उसने भी दूसरी शादी की। जिसके बाद पहली शादी से 2 बेटियां, दूसरी पत्नी से 4 बेटे हैं। आरोपी पिता ने मौलवी से बात कर स्थानीय मदरसे में निकाह पढ़वा दिया। इसके बाद घर आकर बताया कि बेटी बुआ के घर गई है। वहीं आरोपी निकाह करते ही नाबालिग लड़की को लेकर भाग गया। इसका खुलासा तब हुआ, जब आरोपी की पहली पत्नी लड़की के घर पहुंची और सारी जानकारी दे दी। अब लड़की के परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी है। जिसके बाद निकाह पढ़वाने वाला मौलवी भी फरार है। पुलिस ने अभी मामला दर्ज नहीं किया है। परिजनों ने पुलिस को ये जानकारी दी… आरोपी की पत्नी ने कहा- निकाह के बाद वह घर नहीं आया
नाबालिग के परिजनों ने बताया है कि लड़की का निकाह करवाकर जब उसके पिता घर पहुंचे थे, तब उन्होंने कहा था कि बेटी को वह बुआ के घर छोड़कर आए हैं। इसलिए, तब से लड़की की किसी को कोई चिंता नहीं हुई। 2 जुलाई को आरोपी रज्जाक की पत्नी उनके घर आई तो उसने पूरी कहानी बताई। परिजनों के अनुसार, आरोपी की पत्नी ने घर आकर बताया था कि रज्जाक आपकी बेटी को निकाह कर ले गया है। वह तब से घर भी नहीं आया। इसके बाद परिजनों ने पहले अपने स्तर पर लड़की को खोजा। जब नहीं मिली तो पुलिस को लिखित शिकायत दी। आरोपी से फोन पर बात की
लड़की के परिजनों के मुताबिक, उन्होंने आरोपी रज्जाक को फोन भी किया था। उसने फोन उठाया और बताया कि वह लड़की को भगाकर नहीं ले गया है, बल्कि उसने उसके साथ निकाह किया है। इसके बाद वह लड़की को साथ लेकर आया है। उसने एक वीडियो भी भेजा, जिसमें मौलवी उनका निकाह पढ़ता दिख रहा है। परिजनों का कहना है कि इस साजिश में अकेला रज्जाक नहीं, बल्कि वह मौलवी भी शामिल है, जिसने यह निकाह पढ़ा। निकाह कराने के बाद से मौलवी भी फरार है। परिजनों ने मौलवी और निकाह के गवाह रहे लोगों को भी पकड़कर सजा देने की मांग पुलिस से की है। पुलिस बोली- बयान दर्ज करने के बाद कार्रवाई करेंगे
फिरोजपुर झिरका थाने के जांच अधिकारी SI देवेंद्र कुमार ने बताया है कि नाबालिग लड़की के परिजनों ने शिकायत दी है। इसके बाद शुक्रवार को टीम गांव में पहुंची थी। शनिवार को दोनों पक्षों के लोगों को थाने बुलाया गया है। बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *