बोकारो थर्मल | डीवीसी बोकारो थर्मल यूनिट की एकमात्र मान्यता प्राप्त यूनियन डीवीसी कामगार संघ ने 7 जुलाई को प्रस्तावित डीवीसी के 78वें स्थापना दिवस समारोह का विरोध करते हुए आयोजन समिति से अपने प्रतिनिधि भरत सिंह का नाम वापस ले लिया। इसकी जानकारी डीवीसी कामगार संघ के बोकारो थर्मल शाखा सचिव रूपायन मंडल ने दी। उन्होंने कहा कि यह निर्णय बोकारो थर्मल प्रबंधन के लगातार एकतरफा, तिरस्कारपूर्ण एवं असहयोगात्मक रवैये के खिलाफ विरोधस्वरूप लिया गया है। संघ ने स्पष्ट किया है कि समारोह समिति में नामित प्रतिनिधि की भागीदारी की महज़ औपचारिकता बना दिया गया था। संघ के राय, सुझाव एवं सहभागिता को पूरी तरह से दरकिनार किया गया। जो न केवल औद्योगिक सहकार्य की मूल भावना के विरुद्ध है, बल्कि एक सम्मानित मजदूर संगठन के आत्मसम्मान को भी ठेस पहुंचा रहा है।


