पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत पाल्हे गांव में मुहर्रम जुलूस के रूट को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। बात हाथापाई और गाली-गलौज से आगे बढ़कर हिंसक झड़प में बदल गई। पत्थरबाजी और तलवारबाजी तक की नौबत आ गई। इस घटना में दो लोग घायल हो गए हैं। घायलों की पहचान प्रभात कुमार सिंह और प्रवीर कुमार सिंह के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई हैं। उन्हें इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित आशी लाइफ केयर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। प्रवीर कुमार की पत्नी पंचायत समिति सदस्य हैं। प्रशासन की मौजूदगी में सुलझा था विवाद ग्रामीणों के मुताबिक जुलूस के रास्ते को लेकर पहले से ही तनाव का माहौल बना हुआ था। शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी कराई गई थी। लेकिन उसके बावजूद रविवार को फिर से विवाद भड़क उठा। घटना की सूचना मिलते ही पलामू एसपी रीष्मा रमेशन, एसडीएम सुलोचना मीणा, सदर एसडीपीओ मणिभूषण प्रसाद समेत कई प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। एहतियातन इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। आसपास के थानों से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाए गए हैं। इलाके में धारा 144 लागू प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। एसडीएम सुलोचना मीणा के आदेश पर पाल्हे गांव में भारतीय दंड संहिता की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। यह आदेश आगामी 48 घंटे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान चार या उससे अधिक लोगों के एकत्रित होने, किसी भी प्रकार का जुलूस निकालने या सार्वजनिक सभा आयोजित करने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने आम लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।


