भास्कर न्यूज| बलांगीर बलांगीर शहर के नामचीन व्यवसायी आदित्य और शीतल केजरीवाल के बेटे 17 साल के दिव्यम केजरीवाल बैडमिंटन खेल में अपने हुनर के बल पर नित नई ऊंचाइयों को हासिल कर रहे हैं। वे 8 से 13 जुलाई तक आयोजित योनेक्स सनराइज पैंबन गुनान ज्योरो रियो जूनियर अंतरराष्ट्रीय ग्रैंड पिक्स-2025 में भारत की ओर से एकल वर्ग में प्रतिनिधित्व करेंगे। दिव्यम ने 12 साल की उम्र में बैडमिंटन खेलना शुरू किया था। बलांगीर राजेंद्र नारायण सिंह देव स्पोर्ट्स कांप्लेक्स स्थित इंडोर स्टेडियम में बैडमिंटन खिलाड़ी और कोच अभिमन्यु बगरती के संरक्षण में उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त किया। साल 2021 में स्कूली शिक्षा के दौरान उन्होंने बैडमिंटन खेल का अभ्यास जारी रखा। पढ़ाई में होशियार दिव्यम बैडमिंटन में महारत हासिल करते रहे। इससे पहले आयोजित राज्य स्तरीय और राष्ट्रीय स्तर पर अनेक प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल करके न सिर्फ बलांगीर जिले बल्कि प्रदेश का नाम रोशन कर चुके हैं। राष्ट्रीय स्तर पर 30 रैंक के भीतर आने वाले दिव्यम अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में उड़ीसा से एकमात्र खिलाड़ी के तौर पर एकल वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले हैं । उनकी सफलता पर उत्कल प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन, बलांगीर शाखा अध्यक्ष संजय अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष मोहन अग्रवाल, उपाध्यक्ष कन्हैया अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, महासचिव गजानंद अग्रवाल, सहसचिव अनिल मोदी ने बधाई प्रेषित की है।


