जिला अस्पताल पहुंची सीटी स्कैन मशीन, जल्द शुरू होगी जांच

भास्कर न्यूज | कवर्धा जिला अस्पताल कवर्धा में मरीजों को जल्द ही सीटी स्कैन की सुविधा मिलने लगेगी। सीटी स्कैन मशीन अस्पताल पहुंच चुकी है। मशीन सप्लाई करने वाली कंपनी के इंजीनियर इसका इंस्टालेशन करेंगे। करीब 2 करोड़ की लागत से आई सीटी स्कैन मशीन काफी एडवांस है। इससे कम समय में मरीज की जांच पूरी हो जाएगी। अस्पताल प्रबंधन ने एटॉमिक एनर्जी रेग्यूलेटरी बोर्ड (एईआरबी) से इसके लाइसेंस के लिए आवेदन कर दिया है। इसके बाद बोर्ड की टीम यहां पहुंचकर रेडिएशन रोकने के लिए किए गए उपायों की जांच करेगी। इससे जुलाई के अंतिम सप्ताह तक ही मरीजों को इससे सर्विस मिलने की उम्मीद है। सीटी स्कैन जांच के लिए रेडियोलॉजिस्ट डॉ. आर तिवारी की नियुक्ति की जा चुकी है। वहीं एक अन्य रेडियोलॉजिस्ट की भर्ती प्रक्रिया जारी है। अस्पताल के ग्राउंड फ्लोर पर जहां पुराना लैब था, वहां सीटी स्कैन मशीन के लिए वर्क स्टेशन बना है। एक्सीडेंट में घायलों को पड़ती है जांच की जरूरत: जिला अस्पताल में रोड एक्सीडेंट के केस ज्यादा आते हैं। जानकारी के मुताबिक, अक्सर ऐसे केस में घायलों के सिर, छाती, हाथ-पैर व शरीर के अन्य हिस्सों की सूक्ष्म जांच करना होता है। अस्पताल में रोज औसतन 3 से 4 मरीजों ऐसे आते हैं। महीने में 100 से ज्यादा मरीजों को जांच के लिए निजी सेंटर भेजते हैं। मरीजों को राहत, कम दर पर होगी सीटी स्कैन जांच अभी सीटी स्कैन की जांच के लिए मरीजों को निजी सेंटर जाना पड़ता है। निजी सेंटर में जांच के लिए 1500 से लेकर 5 हजार रुपए तक चार्ज देना पड़ता है। जांच के अनुरुप इसकी कीमत अलग-अलग है। जबकि जिला अस्पताल में यह सुविधा शुरू होने पर कम दर में जांच हो जाएगी। इससे लोगों पर आर्थिक बोझ भी कम होगा। जांच की दर जनभागीदारी समिति तय करेगी। कम दर पर जांच होने से मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *