मनोहरपुर और डेरोवा रेलखंड पर कारों नदी पुल के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ। मानसून पेट्रोलिंग पर तैनात ट्रैक मैंटेनर विक्की कुमार की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना रविवार की रात की है। विक्की कुमार 356/23-29 किलोमीटर के पास ट्रैक की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान अप लाइन पर आ रही हावड़ा-मुंबई गीतांजलि एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। बिहार के गया का रहने वाला था ट्रैकमैन विक्की कुमार बिहार के गया जिले के रहने वाले थे। उन्होंने तीन महीने पहले ही चक्रधरपुर रेलमंडल में नौकरी शुरू की थी। वे मनोहरपुर पीडब्ल्यूआई सेक्शन में कार्यरत थे। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, आरपीएफ और अन्य कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे। कुछ समय के लिए ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए चक्रधरपुर अस्पताल भेजा गया है। रेल अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।


