जांजगीर-चांपा के बेलदारपारा में सोमवार सुबह एक परिवार पर तलवार से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना सुबह 7:10 बजे की है। निकलेश कुमार यादव के पिता घर के बाहर चबूतरे पर न्यूजपेपर पढ़ रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी संतोष साहू उर्फ सोनू वहां आया। पुरानी रंजिश को लेकर उसने विवाद शुरू कर दिया और गाली-गलौज करने लगा। शोर सुनकर जब निकलेश बाहर निकला, तब संतोष का भाई दया राम साहू तलवार लेकर आ गया। उसने तलवार लहराते हुए जान से मारने की धमकी दी। दया राम ने तलवार से हमला करने का प्रयास किया। निकलेश ने जब बचाव किया तो उसके हाथ में चोट लग गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और नगर पुलिस अधीक्षक चांपा यदुमनी सिदार को सूचना दी गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी दया राम साहू (39) और संतोष साहू उर्फ सोनू (36) बेलदारपारा चांपा के रहने वाले हैं। दया राम से तलवार बरामद की गई है। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 296, 351(2), 115(2), 3(5) BNS और 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


