उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल पर श्रावण मास में अमरकंटक से कवर्धा तक कांवड़ यात्रा के लिए विशेष सुविधाएं दी जा रही हैं। कबीरधाम जिले से अमरकंटक जाने वाले कांविड़यों के लिए ठहरने, भोजन, पेयजल, चिकित्सा, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं की पूरी व्यवस्था की गई है। अमरकंटक स्थित मृत्युंजय आश्रम में जिला बोल बम समन्वय समिति के सदस्य व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं। आश्रम परिसर में जलप्रबंध, रात्रि विश्राम, प्राथमिक उपचार केंद्र और पौष्टिक भोजन की व्यवस्था की गई है। मार्गदर्शन और सूचना के लिए प्रमुख स्थानों पर बैनर-पोस्टर लगाए गए हैं। व्यवस्था की निगरानी में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनिल ठाकुर, दौवा गुप्ता, निशांत झा, सुधीर केशरवानी, मंजीत बैरागी, निर्मल द्विवेदी और रामसिंह ठाकुर सहित अन्य लोग लगे हुए हैं। हजारों श्रद्धालु करते हैं यात्रा सावन में हजारों श्रद्धालु अमरकंटक से मां नर्मदा का जल लेकर डोंगरिया, भोरमदेव और बूढ़ा महादेव जैसे पवित्र स्थलों तक कांवड़ यात्रा करते हैं। यह यात्रा आस्था के साथ सामाजिक एकता और संस्कृति का प्रतीक भी है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी जाए। लगाए जाएंगे वॉटर प्रूफ टेंट अमरकंटक से बूढ़ा महादेव मार्ग पर ठहरने, पेयजल और शौचालय की विस्तृत व्यवस्था की जा रही है। ग्राम लमनी और खुड़िया में वाटरप्रूफ टेंट लगाए गए हैं, ताकि बारिश में भी यात्रियों को परेशानी न हो। पंडरिया, कुई, पोलमी, डोंगरिया, खड़ौदा, सिल्हाटी, पोड़ी सहित कवर्धा के शासकीय स्कूलों और पंचायत भवनों में पेयजल, रात्रि विश्राम और शौचालय की व्यवस्था की गई है।


