सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र स्थित डुमरा गांव में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव नीम के पेड़ से लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान गांव निवासी सनातन मंडल के 25 वर्षीय पुत्र भुवनेश्वर मंडल के रूप में हुई है। भुवनेश्वर हाल तक गुजरात में काम करता था और करीब 15 दिन पहले ही गांव लौटा था। ग्रामीणों ने नीम पेड़ से लटका देखा शव सुबह-सुबह जब ग्रामीण खेत की ओर निकले तो उन्होंने एक नीम के पेड़ से शव को लटका देखा। यह खबर गांव में तेजी से फैल गई और मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना कांड्रा पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को ग्रामीणों की मदद से नीचे उतारा और मामले की जांच शुरू की। परिजनों ने बताया कि भुवनेश्वर सोमवार रात करीब 9 बजे घर से निकला था और फिर वापस नहीं लौटा। सुबह उसका शव पेड़ से लटका मिला। परिजनों ने बताया कि वह नशे का आदी था और पहले भी कई बार घर छोड़कर चला गया था। उन्होंने आत्महत्या की आशंका जताई है, हालांकि शव की स्थिति से कई तरह के संदेश हो रहा है। घुटने मुड़े हुए और जमीन पैर से सटा था स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक के दोनों पैर घुटनों से मुड़े हुए थे और जमीन से सटे हुए थे। ऐसे में हत्या कर शव को फांसी के रूप में दिखाने की आशंका भी जताई जा रही है। गांव में अवैध महुआ शराब के कारोबार का बोलबाला है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में शराब का अवैध उत्पादन बेरोकटोक जारी है। कई बार पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे पहले भी डुमरा सहित आसपास के गांवों में नशे की लत और मानसिक तनाव के चलते युवकों की मौत की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।


