कृषि पदाधिकारी ने किसानों के बीच नि:शुल्क मकई के बीज का किया वितरण

भास्कर न्यूज | धालभूमगढ़ जिला कृषि पदाधिकारी विवेक बिरुआ ने मंगलवार को धालभूमगढ़ प्रखंड के कई गांवों का दौरा किया। सबसे पहले वे जूनबनी गांव के कादोडीह टोला पहुंचे। यहां बिरसा फसल विस्तारण योजना के तहत 14 किसानों को मुफ्त में मकई का बीज दिया गया। योजना के तहत कुल 70 किसानों को बीज मिलना है। एक एकड़ के लिए 8 किलो बीज दिया जा रहा है। किसानों को संबोधित करते हुए जिला कृषि पदाधिकारी ने कहा, राज्य सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है। कृषि विभाग समय पर बीज उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। लैम्पस में अनुदान पर बीज उपलब्ध है। किसान आधे दाम पर बीज ले सकते हैं। इसके बाद विवेक बिरुआ ने नूतनगढ़ स्थित राजकीय कृषि फार्म परिसर में संचालित बिरसा कृषक पाठशाला का निरीक्षण किया। यह पाठशाला आदर्श बाल विकास एवं शैक्षिक संस्था, रांची द्वारा चलाई जा रही है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संस्था के संचालक को कार्य की गुणवत्ता पर ध्यान देने का निर्देश दिया। धालभूम नारीशक्ति अजीविका प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के पदाधिकारियों से भी मुलाकात की। उन्हें कृषि कार्यों में सहयोग देने और अधिक से अधिक किसानों को विभागीय योजनाओं से जोड़ने को कहा। कृषक पाठशाला के बारे में जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया, यह समेकित बिरसा ग्राम विकास योजना के तहत चलाई जा रही है। इसका उद्देश्य किसानों को खेती-बाड़ी को व्यावसायिक रूप से करने के लिए प्रेरित करना है। इसमें तालाब निर्माण, पशुपालन, गव्य पालन, मत्स्य पालन जैसी आधारभूत संरचनाओं का विकास किया जा रहा है। लाइव डेमो के माध्यम से किसानों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। भ्रमण के दौरान आत्मा के उप परियोजना निदेशक गीता कुमारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी पियूष कुमार मंडल, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक बोदाधित्य हांसदा, सहायक तकनीकी प्रबंधक बासुदेव महतो मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *