एनआर+2 मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय में दो दिवसीय मास्टर ट्रेनर्स प्रशिक्षण का शुभारंभ

भास्कर न्यूज| सरायकेला झारखंड शिक्षा परियोजना, सरायकेला-खरसावां के अंतर्गत समग्र शिक्षा अभियान के तहत विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्यों के प्रशिक्षण हेतु मंगलवार को दो दिवसीय मास्टर ट्रेनर्स प्रशिक्षण का शुभारंभ एनआर+2 मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय में हुआ। यह प्रशिक्षण अगस्त से अक्टूबर तक जिलेभर के विद्यालयों में एसएमसी सदस्यों को प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए प्रशिक्षकों को तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का संचालन सुबह 10 से अपराह्न 4:30 बजे तक निर्धारित समय के अनुसार किया गया। इस मौके पर सभी प्रखंडों के बीआरपी (ब्लॉक रिसोर्स पर्सन) और सीआरपी (क्लस्टर रिसोर्स पर्सन) को बतौर प्रशिक्षक नामित किया गया, जिन्हें एसएमसी प्रशिक्षण सामग्री, उद्देश्यों, भूमिका एवं प्रभावी क्रियान्वयन से अवगत कराया गया। जिला शिक्षा अधीक्षक सह अपर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी कैलाश मिश्रा ने बताया कि एसएमसी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी और जागरूकता से विद्यालय संचालन में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ती है। ऐसे में प्रशिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। इस अवसर पर संकुल साधनसेवी वसंत कुमार महतो (म.वि. ईदल, राजनगर) एवं ललन कुमार (उ.मा.वि. कपाली, चांडिल) मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के आयोजन में एनआर+2 मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, सरायकेला के प्रधानाध्यापक और शिक्षकों ने आवश्यक सहयोग प्रदान किया। उल्लेखनीय है कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के संचालन हेतु पहले ही जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय की ओर से सभी संबंधित अधिकारियों एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए थे। आगामी चरणों में प्रशिक्षित बीआरपी और सीआरपी के माध्यम से जिले के विभिन्न विद्यालयों में एसएमसी सदस्यों को प्रशिक्षित किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *