रायगढ़ में पुराना बस स्टैंड से निगम ने हटाया अतिक्रमण:चखना दुकान, ठेले गुमटी को उठाने पर लोगों ने जताया विरोध, मोहल्लेवासी बोले- यहां से शराब दुकान भी हटाओ

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ के सारंगढ़ पुराना बस स्टैंड में आज निगम अमला अतिक्रमण हटाने पहुंचा। जहां से अवैध चखना व सड़कों पर लग रहे मांस, मछली की दुकानों को हटाया गया। जिसके बाद मोहल्लेवासियों ने इसका विरोध शुरू कर दिया और मोहल्ले से शराब दुकान हटाने की मांग करने लगे। सुबह निगम अमला जेसीबी के माध्यम से पुराने सारंगढ़ बस स्टैंड से अतिक्रमण हटाने लगे। निगम की टीम सड़को पर रखे ठेले गुमटी को JCB से उठाकर जब्त कर रही थी। जिसके बाद काफी संख्या में मोहल्लेवासी यहां पहुंच गए और नगर निगम की इस कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। मोहल्लेवासियों का कहना था कि जब चखना व अन्य दुकानों को हटाया जा रहा है, तो यहां से शराब दुकान को भी हटाया जाए। मोहल्लेवासी शराब दुकान के सामने पहुंचकर यहां बैठ गए। जिसके बाद मामले की जानकारी लगने पर पुलिस व आबकारी की टीम मौके पर पहुंची और उन्हें समझाईश देने लगे, लेकिन वे मानने को तैयार नहीं थे। काफी देर बाद जब आबकारी विभाग के अधिकारियों के द्वारा आश्वसन दिया गया कि उच्चाधिकारियों से चर्चा कर आगे की प्रक्रिया जाएगी। तब कहीं जाकर मोहल्लेवासियों का विरोध समाप्त हुआ। स्वीकृत दुकानों में व्यवसाय करने कहा गया
नगर निगम द्वारा सड़कों पर दुकानों को हटाने के बाद व्यवसायियों को निगम के स्वीकृत दुकानों के अंदर व्यवसाय करने की हिदायत देते हुए स्वच्छता बनाए रखने की बात कही गई है। इसके अलावा सड़क पर फिर से अतिक्रमण कर ठेला- गुमटी या अस्थाई निर्माण कर दुकान संचालित करने पर सामान जब्ती के साथ बड़ी राशि जुर्माना करने की सभी व्यवसायियों को चेतावनी दी गई। समस्या का समाधान किया जाएगा
इस संबंध में जिला आबकारी अधिकारी क्रिस्टोफर खलखो ने बताया कि निगम द्वारा अतिक्रमण हटाने पर मोहल्लेवासियों की मांग थी कि शराब दुकान भी हटाया जाए। जिसके बाद उन्हें समझाईश दी गई है कि दो दिनों में उच्चाधिकारियों से चर्चा कर समस्या का समाधान किया जाएगा। जो नियमानुसार प्रक्रिया होगी, उसके तहत कार्यवाही किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *