दिगंबर जैन मंदिर का 50वां स्थापना दिवस मनाया

भास्कर न्यूज। कोरबा जैन मंदिर चौक बुधवारी बाजार स्थित दिगंबर जैन मंदिर में जैन मिलन समिति ने अष्टान्हिका महापर्व के शुभ अवसर पर श्री 1008 सिद्धचक्र महामंडल विधान का पांचवां दिन पूर्ण होने के साथ-साथ दिगंबर जैन मंदिर का 50वां स्थापना दिवस आस्था व उल्लास के साथ मनाया। कार्यक्रम में जैन समाज के देवस्वरूप में शामिल हुए। मंगलवार को श्री 1008 सिद्ध चक्र महामंडल विधान का 6 दिन रहा। यह कार्यक्रम आर्यिका श्री 105 आदर्शमति माताजी के संघस्थ आर्यिका श्री 105 अखंड मति माताजी, आर्यिका श्री 105 अभेदमति माताजी व आर्यिका श्री 105 ध्यानमति माताजी के सानिध्य में किया जा रहा है। जैन मिलन समिति के पूर्व उपाध्यक्ष दिनेश जैन ने बताया सुबह श्री जी का अभिषेक, शांति धारा व पूजन के बाद श्री 1008 सिद्ध चक्र महामंडल विधान के कार्यक्रम में 128 अर्घों के साथ विधान का कार्यक्रम पूरा किया गया। साथ ही मंदिर जी की 50वीं स्थापना दिवस पर शाम को मंदिर में भक्तांबर का पाठ हुआ। इसके बाद विधान के छठवें दिन 256 अर्घों के साथ उक्त कार्यक्रम पूरा किया गया। कार्यक्रम का संचालन दुर्ग के विधानाचार्य ब्रह्मचारी अंकित जैन ने गीत, संगीत और भजनों के साथ-साथ संगीतकार अंशुल जैन व म्यूजिकल ग्रुप सागर ने श्री जी के भजनों का प्रस्तुतीकरण किया। सौधर्म इंद्र की सभा में विराजे सभी इंद्र-इंद्राणियों व श्रावक गीत-संगीत पर झूमते नाचते रहे। शाम को सभी भक्तों ने श्रीजी की आरती, भजन व नृत्य आदि का प्रदर्शन किया। इसमें जैन मिलन समिति के सभी पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य व अन्य सभी महिलाएं व पुरुष शामिल रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *