भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब रोडवेज ने सवारियों को न चढ़ाने और उतारने वाले बस चालकों पर कार्रवाई करने का फरमान जारी किया है जो सीधा पुल चढ़ना पसंद करते हैं। इस संबंधी कई शिकायतें विभाग के पास पहुंच रही है, जिसके चलते अब अगर कोई बस चालक ने सीधा फ्लाईओवर चढ़कर जाएगा तो ड्राइवर-कंडक्टर से 2-2 हजार जुर्माना लगेगा। पंजाब रोडवेज ने पंजाब में सभी 18 बस डिपो को हिदायतें जारी की है कि कोई भी सरकारी बस एलिवेटेड पुल नहीं चढ़ेगी, सभी बसों को पुलों के नीचे से ही जाना होगा। ताकि पुल के नीचे बस का इंतजार करने वाले यात्री आसानी से बस में चढ़-उतर सके। विभाग को शिकायतें मिल रही है कि बस स्टैंड से निकलने के बाद बसें सीधी एलिवेटेड पुल पर चढ़ जाती है, जिसके चलते जीटी रोड 100 फुटी चौक, मकबूलपुरा चौक से सवारियां बस का इंतजार करती रह जाती हैं। यहां तक कि एलिवेटेड पुल बस उतरने के बाद भी आगे खड़ी सवारियों को नहीं चढ़ाया जा रहा, जिससे यात्री परेशान हो रहे हैं। बस यात्री सुखविंदर सिंह निवासी आजाद नगर ने बताया कि सरकारी बस में वह चंडीगढ़ से आ रहे थे। उन्हें तारांवाला मोड़ पर उतरना था। बस चालक को इस बारे में गोल्डन गेट के पास ही बता दिया, लेकिन चालक ने सीधा पुल चढ़ा दिया। जबकि उसका बेटा पुल के नीचे उसका इंतजार कर रहा था। चालक को आगे रोकने के लिए कहा लेकिन उसने फिर आगे एलिवेटेड पुल चढ़ा दिया। जिस कारण रामतलाई में जाकर उतरना पड़ा। बस चालक मनमानी करते हैं। पंजपीर पुल के ऊपर से जाती पंजाब रोडवेज की बस। पंजाब रोडवेज के जनरल मैनेजर परमजीत सिंह संधू ने कहा कि यात्रियों को बस में न चढ़ाना गलत है। कोई भी बस चालक पुल नहीं चढ़ सकता है। पुल के नीचे खड़ी सवारियों की बस न छूट जाए इसलिए पंजाब रोडवेज ने सभी 18 बस डिपो पर हिदायतें जारी की हुई है। विभाग के पास शिकायतें आ रही है। पिछले माह बस 90 हजार जुर्माना वसूला जा चुका है। अगर फिर भी कोई बस चालक पुल चढ़ता है तो ड्राइवर- कंडक्टर से 2-2 हजार जुर्माना वसूला जाएगा।


