अबोहर के कपड़ा व्यापारी संजय वर्मा हत्याकांड के बाद पुलिस मुठभेड़ में मारे गए दो आरोपियों में से एक राम रतन का गुरुवार को पोस्टमॉर्टम कराया गया। पोस्टमॉर्टम न्यायाधीश की उपस्थिति में किया गया। डॉक्टर गगनदीप और डॉक्टर मनमान माजी सहित चार सदस्यीय मेडिकल टीम ने पोस्टमॉर्टम किया। पोस्टमॉर्टम के बाद भारी पुलिस सुरक्षा में शव को पटियाला भेजा गया। इस मौके पर राजपुरा, पटियाला के एसएचओ और नगर थाना प्रभारी परमजीत कंबोज समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा था। दूसरे मृतक के परिजनों के आने का इंतजार दूसरे मृतक आरोपी जसप्रीत के परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, परिजनों के पहुंचने पर जसप्रीत के शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा और शव उन्हें सौंप दिया जाएगा। बता दें कि, सोमवार को तीन शूटरों ने व्यापारी संजय वर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर कार में फरार हुए थे। पुलिस ने कार चालकों को पटियाला से पकड़ा। हथियार बरामदगी के लिए जब पुलिस उन्हें अबोहर पंजपीर टिब्बे पर ले गई, तो वहां पहले से मौजूद उनके दो साथियों के साथ मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में राम रतन और जसप्रीत की मौत हो गई। शूटर अभी भी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है।


