बैज ने कहा- भाजपा का प्रशिक्षण शिविर नहीं पिकनिक:पीसीसी चीफ के बयान पर मंत्री जायसवाल का पलटवार, बोले- यह कांग्रेस की विचारधारा की समस्या

मैनपाट में भारतीय जनता पार्टी के प्रशिक्षण शिविर को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के बयान पर अब स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि यह गलती पीसीसी चीफ की नहीं, बल्कि उनकी पार्टी की विचारधारा की है। मंत्री जायसवाल ने कहा, कांग्रेस ने देश में 70 वर्षों तक केवल ‘गरीबी हटाओ’ का नारा दिया, लेकिन गरीबी नहीं हटा सकी। वहीं हमारी सरकार गरीबों और वनवासियों के लिए पक्के मकान, स्वास्थ्य सुविधाएं और जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है। यह प्रशिक्षण शिविर भाजपा की कार्यपद्धति का हिस्सा है, जो वर्षों से होता आया है। PCC चीफ ने लगाया था आरोप
आपको बता दें कि भाजपा के मैनपाट में हुए प्रशिक्षण शिविर को लेकर पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा था कि यह प्रशिक्षण शिविर नहीं पिकनिक है। भाजपा सरकार मैनपाट में पिकनिक मनाने गई थी। प्रदेश की जनता बेहाल है, किसान परेशान हैं। स्कूली बच्चों को किताबें नहीं मिली हैं और सरकार मैनपाट में पिकनिक मना रही है। दीपक बैज ने आगे कहा था कि भाजपा सरकार को चाहिए कि वह डेढ़ साल में किए गए कार्यों का श्वेत पत्र जारी करे। जनता सब देख रही है और आने वाले चुनाव में इसका जवाब देगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *