गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। बड़कीटांड़ पंचायत के दालगंदो गांव में चल रही इस फैक्ट्री की सूचना पुलिस अधीक्षक को मिली थी। सदर डीएसपी के नेतृत्व में गठित टीम ने हीरालाल बेसरा के घर पर छापेमारी की। पुलिस ने मौके से विभिन्न ब्रांड की शराब से भरी बोतलें और कार्टून बरामद किए। इसके अलावा खाली बोतलें, विभिन्न ब्रांड के कॉर्क, रैपर, स्टीकर, केमिकल से भरा जारकिन और स्प्रिट भी जब्त किया गया। बेंगाबाद की इंस्पेक्टर ममता कुमारी ने बताया कि छापेमारी में एक स्विफ्ट कार और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने पचंबा निवासी पंकज कुमार राम, सुमित कुमार साव और मकान मालिक हीरालाल बेसरा को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब मुख्य सरगना की पहचान के लिए गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। मामले की जांच जारी है।


