छत्तीसगढ़ के धमतरी में शंकरदाह स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों की कमी के विरोध में छात्रों और शाला विकास समिति ने स्कूल में ताला जड़ दिया। करीब 300 छात्रों वाले इस स्कूल में गणित, भौतिक, संस्कृत और कॉमर्स के शिक्षक नहीं हैं। स्कूल के बाहर छात्रों ने टाटपट्टी लगाकर शिक्षा विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन को शांत कराने के लिए नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे। जिला शिक्षा अधिकारी ने भी छात्रों से मुलाकात की और 15 दिन के भीतर शिक्षकों की नियुक्ति का आश्वासन दिया। स्कूल नायक दीपा बंजारे ने बताया कि कई वर्षों से स्कूल शिक्षकों की कमी से जूझ रहा है। स्कूल में भृत्य की भी नियुक्ति नहीं है। इससे पहले वे कई बार कलेक्टर और बीईओ कार्यालय का चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिन के भीतर उनकी मांग पूरी नहीं की गई, तो वे फिर से स्कूल में ताला जड़कर प्रदर्शन करेंगे। कई घंटों के प्रदर्शन के बाद जिला शिक्षा अधिकारी के आश्वासन पर छात्रों ने प्रदर्शन समाप्त किया। शंकरदाह में ताला लगाकर किया गया विरोध सरपंच और शाला विकास समिति ने बताया कि स्कूल की तरफ से कई बार कलेक्टर दफ्तर पहुंचकर भी शिकायत की गई है। जिस पर कोई सुनवाई नहीं की गई। जिसके कारण मजबूरन स्कूल के बाहर ताला चढ़कर प्रदर्शन करना पड़ रहा है। शिक्षक नहीं होने से बच्चों का भविष्य खराब हो रहा है। अगस्त में तिमाही परीक्षा होना है। परीक्षा कैसे दिलाएंगे कई बच्चे तो शिक्षक की कमी को लेकर शंकरदाह स्कूल में आने से भी मना करते हैं। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी टीआर जगदल्ले ने कहा कि स्कूल निरीक्षण करने में पता लग रहा है कि एक ही शिक्षक की कमी लग रही है। निश्चित तौर पर 15 दिनों के अंदर सभी परेशानियों को दूर कर दिया जाएगा।


