जीरकपुर में ज्वेलर्स को बधंक बनाकर लूट:2 किलो सोना-15 किलो चांदी लूटी, सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर ले गए, बाइक पर हुए फरार

मोहाली के जीरकपुर में लुटेरों ने एक ज्वेलरी शॉप में लूट की वारदात को अंजाम दिया है। आरोपियों ने पहले शोरूम मालिक को बंधक बनाया, इसके बाद सारा सामान लूट कर फरार हो गए। पूरी वारदात को उन्होंने 10 से 15 मिनट में अंजाम दिया। जाते हुए लुटेरे दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी अपने साथ ले गए। ज्वेलर शॉप के मालिक ने बताया कि करीब ढाई करोड़ रुपए की लूट की हुई है। आरोपी दो किलो सोना और 15 किलो चांदी व 20 हजार कैश ले गए हैं। पुलिस ने घटनास्थल का मौका-मुआयना किया और केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। चेन खरीदने के बहाने आए थे यह घटना ढकौली के एरिया में हुई है। शोरूम मालिक गोविंद ने बताया कि दो लोग सुबह उनकी ज्वेलरी शॉप में पहुंचे थे। उस समय शॉप पर उनके पापा मौजूद थे। वह चंडीगढ़ के मनीमाजरा में गए हुए थे सुबह 11:40 पर आरोपियों ने शॉप में आते ही कहा कि उन्हें 70 हजार रुपए रेंज तक की चेन दिखाए। गोविंद ने बताया कि उनके पापा ने आरोपियों को चेन दिखाई। इसके बाद पापा ने उन्हें फोन करके चेन की कीमत पूछी। मैंने पापा को दाम बताया। जब पापा ने आरोपियों को रेट बताया तो वह वहां से चले गए। हालांकि पापा ने उन्हें बताया कि उक्त लोग उन्हें संदिग्ध लग रहे थे। पिस्टल का डर दिखाकर लूट की गोविंद ने बताया किआरोपी आधे घंटे के बाद दोबारा शॉप पर आए और उनके पापा पर हमला किया। उन्होंने कहा कि उनकी जेब में गन है और गोली मार देंगे। इसके बाद पापा को वह शॉप की ऊपरी मंजिल में बने स्टोर में ले गए। जहां पर उन्हें रस्सी से बांध दिया। इस दौरान शॉप में जो गोल्ड और चांदी के गहने डिस्प्ले किए हुए थे उसे लूट लिया। आरोपी पंजाबी में बात कर रहे थे; एक आरोपी सरदार लुक में था, जबकि दूसरा मौना था। वारदात को अंजाम देने के बाद वे बाइक से निकल गए। इस तरह की वारदात से यह साफ है कि आरोपियों को दुकान के बारे में सारी जानकारी थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *