भास्कर न्यूज | लुधियाना पंजाब पब्लिक सर्विस कमीशन (पीपीएससी) द्वारा पंजाब स्टेट सिविल सर्विसेज कंबाइंड कॉम्पिटेटिव एग्जामिनेशन के संबंध में अहम बदलाव किए गए हैं। इन बदलावों को पीपीएससी की सिफारिश पर पंजाब सरकार द्वारा भी मंजूरी दे दी गई है जिन्हें आगामी परीक्षाओं में लागू कर दिया जाएगा। पीपीएससी द्वारा जारी नोटिस के अनुसार सिविल सर्विसेज एप्टीट्यूड टेस्ट ( सीएसएटी) परीक्षा को केवल योग्यता( क्वालिफाईंग नेचर) के रूप में लिया जाएगा। यानी इस परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी उम्मीदवारों को 40% अंक प्राप्त करने होंगे, ताकि वे मुख्य परीक्षा में शामिल हो सकें। प्रीलिमिनरी परीक्षा में यह बदलाव उम्मीदवारों के लिए राहत भरा होगा। इसी तरह पीपीएससी की मेन परीक्षा में भी बदलाव किए गए हैं इनमें करिकुलम को लेकर बदलाव शामिल है। जिनमें जनरल स्टडीज के सिलेबस में अब पंजाब का इतिहास, संस्कृति, अर्थव्यवस्था और भूगोल को विशेष रूप से शामिल किया जाएगा। इसका उद्देश्य उम्मीदवारों को पंजाब से संबंधित अधिक गहन जानकारी प्रदान करना है। डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ़ पुलिस (डीएसपी) के पद पर आवेदन करने के लिए अधिकतम उम्र सीमा 28 साल तय कर दी गई है। उम्र सीमा में इजाफा होने से उम्मीदवारों की संख्या में भी बढ़ोतरी होगी और उन्हें स्पर्धा करने का अवसर भी मिलेगा। यह बदलाव आगामी पंजाब सिविल सेवाओं की परीक्षा में प्रभावी होंगे, और उम्मीदवारों को इन्हें ध्यान में रखते हुए अपनी तैयारी करनी होगी। कमिशन द्वारा परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को इन बातों का खास ख्याल रखने के निर्देश दिए हैं।


