भास्कर न्यूज। लुधियाना। सराभा लेडीज क्लब ने सर्दी के खुशनुमा मौसम में एक खास कॉफी सेशन के जरिए 2024 को विदाई दी और 2025 का स्वागत पूरे उत्साह और उमंग के साथ किया। कार्यक्रम की शुरुआत छोटे साहिबजादों की शहादत को श्रद्धांजलि देकर हुई। गुरबाणी का पाठ और मौन प्रार्थना के माध्यम से सभी ने उन्हें नमन किया। इस भावुक शुरुआत के बाद माहौल में मस्ती और मनोरंजन का रंग घोलते हुए मंजू सेठी ने राज कपूर की फिल्म मेरा नाम जोकर के गाने पर जोकर बनकर परफॉर्म किया, जिसने सभी को खूब गुदगुदाया। कार्यक्रम में टेबल गिफ्ट्स, लकी ड्रॉ और तंबोला जैसे खेलों ने खास आकर्षण जोड़ा। सभी मेंबर्स ने इन फन गेम्स का भरपूर आनंद लिया। क्लब की मेंबर्स ने डांस के जरिए 2025 का स्वागत करते हुए एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। प्रेसिडेंट रश्मि गोयल, सेक्रेटरी कंचन सेठी और ट्रेजरार भूपिंदर वालिया ने कार्यक्रम को शानदार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। क्लब डायरेक्टर शम्मी बिंद्रा ने इस अवसर पर क्लब की सभी मेंबर्स का धन्यवाद किया और उनके उज्ज्वल भविष्य और सुखद वर्ष की कामना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल उत्साह और सकारात्मकता को बढ़ाते हैं, बल्कि मेंबर्स के बीच जुड़ाव और सामूहिकता का भी अहसास कराते हैं।


