राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 1 अगस्त 2025 को धनबाद दौरे पर आएंगी। वे यहां भारतीय खान उद्योग संस्थान (आईआईटी) आईएसएम के 45वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। व ह इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। इस समारोह में देशभर के करीब 2000 छात्रों को उनकी डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रपति भवन ने आईआईटी-आईएसएम को इस बात की सूचना दी है कि राष्ट्रपति मुर्मू इस विशेष अवसर पर शामिल होंगी। इस कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित होंगे। समारोह का आयोजन संस्थान के ओपन एयर थिएटर में होगा। तीसरी बार कोई राष्ट्रपति होंगे मुख्य अतिथि प्राप्त जानकारी के मुताबिक संस्थान के लिए यह एक ऐतिहासिक क्षण होगा, क्योंकि यह तीसरी बार है जब कोई राष्ट्रपति दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। इससे पहले 2012 में तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने इस समारोह में भाग लिया था। फिर 2014 में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने फिर समारोह में भाग लिया था। यहां देश के पहले राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद भी आ चुके हैं। आईएसएम के अधिकारियों के मुताबिक, इस बार दीक्षांत समारोह को और भी भव्य रूप से आयोजित करने की योजना है। इस मौके पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले छात्रों को पदक और सम्मान से नवाजा जाएगा। इसके अलावा संस्थान में शोध और नवाचार के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य करने वाले छात्रों को विशेष पुरस्कार भी दिए जाएंगे। संस्थान और प्रशासनिक स्तर पर तैयारी शुरू कार्यक्रम को भव्य तरीके से आयोजित करने के लिए जिला प्रशासन और आईएसएम प्रबंधन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर कई बैठकें शुरू कर दी हैं। राष्ट्रपति की यात्रा को लेकर धनबाद में उत्साह का माहौल है और सभी तैयारियां जोरों पर चल रही हैं।


