खैरागढ़ पुलिस ने नागपुर से 6 सटोरियों को पकड़ा ऑनलाइन सट्टे में महादेव बुक के बाद शिवा बुक का खैरागढ़ पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सुपेला के रहने वाले तीन युवकों के साथ नागपुर में ब्रांच चला तीन लोगों को पकड़ा है। उनके कब्जे से लगभग 20 करोड़ से अधिक के बैंक ट्रांजेक्शन का रिकॉर्ड मिला है। इसके अलावा 50 हजार रुपए कैश, बैंक खातों में 2.28 लाख की राशि, 25 मोबाइल और 2 लैपटॉप समेत डेढ़ दर्जन बैंकों के दस्तावेज सहित 6.62 लाख रुपए से ज्यादा सामान जब्त किया। एसपी लक्ष्य शर्मा के मुताबिक छुईखदान थाना पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा खिलाने की शिकायत पर 18 जून को एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। उससे मिले इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई हुई। पकड़े गए लोगों में धनंजय सिंह, वार्ड 5 शंकर नगर सुपेला निवासी चंद्रशेखर अहिरवार और शारदा विद्यालय के पास रामनगर, सुपेला निवासी डुमेश श्रीवास शामिल हैं। साथ ही जशपुर के निकुंज पन्ना और समीर बड़ा समेत राजनांदगांव का रहने वाला छत्रपाल पटेल शामिल भी है। मास्टरमाइंड भी दुर्ग का रहने वाला, तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक इस नेटवर्क का मुख्य संचालक दुर्ग का रहने वाला है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जांच में सामने आया है कि जिस सर्वर से महादेव बुक चलाया जाता था। उसी सर्वर पर शिवा एप भी चल रहा है। पुलिस ने सटोरियों के कब्जे से 26 एटीएम कार्ड, 18 विभिन्न बैंकों की पासबुक और14 चेक बुक बरामद की। ऐसे में पुलिस इसका हवाला और बिट-कॉइन से कनेक्शन तलाश रही है।


