भास्कर संवाददाता |बाड़मेर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को वर्चुअली स्वामित्व योजना के तहत पट्टे मय प्रोपर्टी पार्सल वितरण एवं लाभार्थी संवाद कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। बाड़मेर जिले में जिला मुख्यालय के अलावा 60 ग्राम पंचायतों में वर्चुअली कार्यक्रम आयोजित होगा। मुख्य कार्यकारी अधिकारी सिद्धार्थ पलनीचामी ने बताया कि स्वामित्व योजना अन्तर्गत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का लाभार्थियों से वर्चुअली संवाद का जिला स्तरीय कार्यक्रम शुक्रवार को सुबह 10 बजे से भगवान महावीर टाउनहॉल में आयोजित होगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री जोराराम कुमावत समेत विभिन्न जन प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़ा जाएगा। मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि इस कार्यक्रम के सफल एवं सुचारू आयोजन के लिए अधिशाषी अभियंता सुरेन्द्र चौधरी को नोडल अधिकारी एवं सहायक विकास अधिकारी मदनलाल को सहायक नोडल अधिकारी किया गया है। इसके अलावा अन्य विभागीय अधिकारियों के उत्तरदायित्व निर्धारित करते हुए उसकी क्रियान्विति सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया है। उल्लेखनीय है कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को संपत्ति मालिक का अधिकार देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 अप्रैल 2020 को स्वामित्व योजना शुरू की थी। इस योजना का मकसद ड्रोन से जमीन का सर्वे करने के साथ जीआईएस तकनीक के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आबादी भूमि का सीमांकन करना है। जमीन विवाद में कमी आने और ग्राम-स्तरीय योजना बनाने में मदद मिलेगी। भास्कर संवाददाता | बाड़मेर राज्य सरकार के निर्देशानुसार बाड़मेर जिले में आयोजित किए गए 48 मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य शिविरों में 15 हजार से अधिक मरीजों को लाभांवित किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव मितल ने बताया कि 15 दिसंबर से सीएचसी, पीएचसी पर एक दिवसीय मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा हैं। अब तक 93 में से 48 शिविर आयोजित हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि 31 दिसंबर को पंचायत समिति आडेल का फॉलोअप शिविर सीएससी आडेल में आयोजित होगा। इसके अलावा 27 दिसंबर को सनावड़ा, बेरीवाला तला, गरडिया, भदराई, बांटा, घोनिया, झड़पा, ईटादा, साता, उण्डू, गिराब, छोटू एवं 31 दिसंबर को मारूड़ी, सरणू, गागरिया, उड़ासर, लूणवा जागीर, केलनोर, सारला, गोहड़ का तला, पनोरिया, नेगरड़ा, खलीफे की बावड़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य शिविरों का आयोजन होगा।


