खेल एवं पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी झारखंड में खेल व पर्यटन विकास में सहयोग करेंगे। सुदिव्य कुमार शनिवार को धौनी से मिलने जेएससीए स्टेडियम पहुंचे थे। मंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा-आज झारखंड के गौरव और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी से एक महत्वपूर्ण मुलाकात हुई। इस दौरान राज्य में पर्यटन एवं खेल गतिविधियों के विकास को लेकर बेहद सकारात्मक चर्चा हुई। मुझे पूरा विश्वास है कि झारखंड में खेल और पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में धौनी का सहयोग राज्य सरकार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा। उनकी विशेषज्ञता और अनुभव निश्चित रूप से इन क्षेत्रों में विकास को गति प्रदान करेगा। धौनी को झारखंड सरकार के खेल और पर्यटन विभाग का ब्रांड एंबेसेडर बनाने की भी चर्चा है। इस पर मंत्री ने कहा कि अभी इस विषय पर कोई बात नहीं हुई है।


