कोडरमा में संदिग्ध परिस्थिति में महिला का शव बरामद:पति से विवाद के बाद थी लापता, घर से 200 मीटर दूर मिला बॉडी, आत्महत्या की आशंका

कोडरमा जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत थाम पंचायत के टोंगरा टांड़ में रविवार सुबह एक महिला का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद किया गया। मृतका की पहचान 45 वर्षीय उर्मिला देवी के रूप में हुई है। वह डोमन भुइयां की पत्नी है। मिली जानकारी के अनुसार, उर्मिला देवी के भतीजे किशोर कुमार ने बताया कि उनके चाचा डोमन भुइयां मुंबई में मजदूरी करते हैं। दो दिन पूर्व ही वहां से लौटे थे। शनिवार की दोपहर करीब तीन बजे डोमन भुइयां और उर्मिला देवी के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हुई। विवाद के बाद उर्मिला देवी घर से बाहर निकल गईं और फिर लौटकर नहीं आईं। मैदान में पड़ा दिखा महिला का शव रविवार की सुबह जब गांव के कुछ लोग शौच के लिए निकले तो उन्होंने गांव से लगभग 200 मीटर दूर एक मैदान के पास एक महिला का शव पड़ा देखा। शव की पहचान उर्मिला देवी के रूप में हुई। शव मिलने की खबर मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने शोर मचाकर अन्य लोगों को भी घटनास्थल पर बुलाया। थोड़ी ही देर में मृतका का पति डोमन भुइयां भी वहां पहुंचा। घटना की जानकारी मिलते ही चंदवारा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया। आत्महत्या की आशंका चंदवारा थाना प्रभारी धनेश्वर कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। महिला और उसके पति के बीच विवाद की बात भी सामने आ रही है, जिसकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *