भास्कर न्यूज|डंडई डंडई प्रखंड के जरही पंचायत अंतर्गत अयोध्या बांध से कदैलिया तक लगभग 3 किलोमीटर लंबी सड़क इन दिनों पूरी तरह दलदल और कीचड़ में तब्दील हो गई है। बरसात के चलते इस सड़क की हालत इतनी खराब हो गई है कि पैदल चलना भी दूभर हो गया है। इसी समस्या के विरोध में शनिवार को ग्रामीणों ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन करते हुए सड़क पर ही धान की रोपनी की। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक की अनदेखी को लेकर जमकर नारेबाजी की। सड़क पर कीचड़ में उतरकर ग्रामीणों ने घंटों तक विरोध जताया और शीघ्र सड़क निर्माण की मांग की। इस विरोध में स्थानीय युवाओं और महिलाओं ने भी हिस्सा लिया और कीचड़ से सनी सड़क पर धान की रोपनी कर अपनी नाराजगी जाहिर की। इस दौरान ग्रामीण जितेंद्र पासवान, सरवन पासवान, लव राम, रामजी पासवान, उपेंद्र पासवान, गुड्डू पासवान, धर्मेंद्र पासवान, राजेश पासवान, लखन चौधरी, महंगू चौधरी, बंशीधर चौधरी, मुखी चौधरी, कमला देवी, सुष्मिता देवी, प्रमा देवी सहित अन्य ने बताया कि सड़क की स्थिति वर्षों से खराब है, लेकिन अब तो हालात बदतर हो चुके हैं। लोगों ने कहा कि सड़क पर न तो दोपहिया वाहन चल सकते हैं और न ही चारपहिया, बल्कि अब तो पैदल चलना भी किसी चुनौती से कम नहीं है। सड़क पार करने के लिए लोगों को जूते-चप्पल उतारकर कीचड़ में चलना पड़ता है। बीमार व्यक्तियों को अस्पताल पहुंचाना और बच्चों को स्कूल भेजना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि जर्जर सड़क की समस्या को लेकर वे विधायक के पास भी गए थे। विधायक ने अपने लेटर पैड पर बीडीओ को मनरेगा योजना के तहत सड़क मरम्मत की अनुशंसा की। फोटो सौजन्य -वसी अहमद खान


