भास्कर न्यूज|गढ़वा शनिवार को पूर्व मंत्री चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे का पार्थिव शरीर गढ़वा पहुंचा। उनके अंतिम दर्शन के लिए शहर के रंका मोड़ पर भीड़ उमड़ पड़ी। कांग्रेसियों के अलावा भाजपा, झामुमो कार्यकर्ता सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे। वहीं पुलिस लाइन में सलामी दी गई। सलामी के मौके पर डीसी दिनेश कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक अमन कुमार, डीडीसी पशुपतिनाथ मिश्रा सहित जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारी उपस्थित थे। इसके बाद कांडी प्रखंड के पैतृक गांव चोका पार्थिव शरीर ले जाया गया। वहां से वाराणसी के लिए निकल गए। मौके पर लोगों ने कहा कि ददई दुबे गरीब, किसान, मजदूर सहित सभी जाति व धर्म के लोगों की आवाज थे। जनता की समस्याओं को लेकर हमेशा आवाज बुलंद करते रहे। स्वाभिमान से कभी समझौता नहीं किया। पंचायत से लेकर उच्च सदन (लोक सभा) तक का सफर तय किया। गढ़वा जैसे जगह से निकलकर धनबाद के सांसद रहे। एकीकृत बिहार व झारखंड में भी मंत्री रहे। मौके पर पूर्व मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी, पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी, पूर्व मंत्री गिरिनाथ सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओबैदुल्लाह हक अंसारी, झामुमो जिलाध्यक्ष शंभु राम, तनवीर आलम, विनय चौबे, ब्रजेश उपाध्याय, विवेकानंद तिवारी, सुरेश पांडेय, रामाशीष दुबे, आलोक त्रिपाठी उर्फ टुल्लु, श्रीकांत तिवारी, सुरेंद्र तिवारी आदि मौजूद थे।


