कोडरमा में सरकारी योजनाओं का प्रचार कर रहे वाहन की लूट का मामला सामने आया है। शनिवार को फरेंदा के पास सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का प्रचार वाहन भ्रमण कर रहा था। मरियमपुर गांव के सरहुल मैदान के पास चालक और सहयोगी के भोजन के लिए रुकने पर टेम्पो में सवार 4 लोगों ने वाहन को लूट लिया। चालक और सहयोगी के साथ मारपीट भी की अपराधियों ने चालक और सहयोगी से मारपीट की। उनका मोबाइल छीन लिया और वाहन लेकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष दल का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी शाखा की मदद से मोबाइल की लोकेशन का पता लगाया। 8 घंटे के भीतर रामगढ़ जिले के मांडू थाना क्षेत्र से 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। एक आरोपी अभी फरार है। पुलिस की स्पेशल टीम को मिला पुरस्कार एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि मामले का जल्द उद्भेदन करने वाले पुलिस दल को सम्मानित किया गया है। विशेष दल के पदाधिकारियों को 1500 रुपए और पुलिसकर्मियों को 1000 रुपए की राशि दी गई है। इनकी हुई है गिरफ्तारी इस घटना को अंजाम देने वाले अभियुक्तों की पहचान कोडरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत लखिबागी निवासी संदीप कुमार, पिता स्व. रामरतन राम, दिलीप कुमार, पिता अशोक यादव तथा राहुल कुमार, पिता बीरेन्द्र राम के रूप में की गई है। उक्त सभी अभियुक्तों के विरुद्ध मामला दर्ज करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि उक्त सभी अभियुक्तों का पूर्व में भी अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आपराधिक इतिहास रहा है।


