कार्यक्रम . जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने कैंप का आयोजन किया

भास्कर न्यूज | मनेंद्रगढ़ सेंट पैट्रिक्स एकेडमी मनेंद्रगढ़ के परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सौंजन्य से सिविल लिटरेसी कैंप का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य छात्रों में कानूनी जागरूकता और नागरिक कर्तव्यों के प्रति समझ विकसित करना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विवेक कुमार तिवारी प्रथम श्रेणी अपर जिला न्यायाधीश मनेंद्रगढ़ रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि के स्वागत भाषण से हुई, जिसमें न्यायिक क्षेत्र में उनके योगदान और जन शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को सम्मानपूर्वक रेखांकित किया। विद्यालय के प्राचार्य ब्रदर शाजू थॉमस, वरिष्ठ समन्वयक निशा और अन्य शिक्षकों ने उन्हें सम्मानित किया। न्यायाधीश तिवारी ने कानूनी साक्षरता के महत्व, लोकतंत्र में नागरिकों की भूमिका और भारतीय न्याय व्यवस्था की मूल संरचना पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों को अपने मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया और यह बताया कि किस प्रकार विधिक ज्ञान व्यक्ति को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सक्रिय रूप से भाग लेने सशक्त बनाता है। सत्र को संवादात्मक और प्रेरणादायक बनाने उन्होंने वास्तविक जीवन के उदाहरणों और उदाहरणात्मक चर्चाओं के माध्यम से विषय को प्रस्तुत किया, जिससे छात्र अत्यंत प्रभावित और जागरूक हुए। कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कई विचारशील प्रश्न पूछे, जिनका उत्तर न्यायाधीश ने सहजता और उत्साह के साथ दिया। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्राचार्य ब्रदर शाजू थॉमस ने न्यायाधीश के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके बहुमूल्य समय और ज्ञान से विद्यार्थियों को जो दिशा मिली है, वह सराहनीय है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *