पीडब्ल्यूडी के जूनियर इंजीनियर भर्ती परीक्षा में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से नकल करते दो युवतियां पकड़ी गई हैं। साथ ही इनके पास से 7 इलेक्ट्रानिक डिवाइस बरामद कर नकल प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। केंद्राध्यक्ष की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। बता दे कि छत्तीसगढ़ व्यवसायिक परीक्षा मंडल द्वारा छत्तीसगढ़ लोक निर्माण विभाग में जूनियर इंजीनियर के 113 पदों पर भर्ती के लिए रविवार को 17 परीक्षा केंद्रों में परीक्षा ली गई। इस दौरान परीक्षा केंद्र संख्या 1309 शासकीय रामदुलारे बालक उच्चतर माध्यमिक स्कूल में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से नकल करते जशपुर की युवती अन्नू सूर्या को गिरफ्तार किया गया। छात्रा ने अपने अंडर गारमेंट में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस छिपा कर रखा था। इसके ऊपर टीशर्ट फिर डार्क टीशर्ट पहन रखी थी। इस टीशर्ट में माइक्रो कैमरा लगा था। इस कैमरे से वह बाहर खड़ी युवती को प्रश्नपत्र दिखा रही थी। वहीं बाहर बैठी जशपुर की ही युवती अनुराधा बाई वाकी–टॉकी से उत्तर बता रही थी। दोनों को अंडमान निकोबार निवासी बताया जा रहा है। वर्तमान में वे जशपुर में रहती हैं। जिस कार और ऑटो से यह मामला चल रहा था। उसके ड्राइवर ने अपने दोस्त एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव विकास को जानकारी दी। इसके बाद कार ड्राइवर प्रश्नों के उत्तर बता रही युवती को छोड़कर चला गया। युवती ने 800 रुपए में ऑटो बुक किया और उसमें बैठकर उत्तर बताने लगी। 20 मिनट तक एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने निगरानी की। इसके बाद वहां पहुंचकर युवती को पकड़ा। इस दौरान युवती के पास से टैबलेट, माइक्रो डिवाइस, कैमरा, वाकी–टॉकी सहित अन्य चीजें मिलीं। इन डिवाइस को लेकर कार्यकर्ता केंद्र के अंदर गए। वहां तैनात पुलिस और केंद्राध्यक्ष को जानकारी दी। इसके बाद परीक्षा उन्होंने उत्तर लिख रही युवती को पकड़ा गया। एनएसयूआई ने किया परीक्षा निरस्त करने और रैकेट का खुलासा करने सीबीआई जांच की मांग
मामला सामने आने के बाद एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने केंद्र में प्रदर्शन किया। इस दौरान एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पाण्डेय, जिला अध्यक्ष रंजीत सिंह, प्रदेश महासचिव विकास ने कहा कि यह नकल प्रकरण नहीं व्यापमं घोटाला है। इस पेपर को निरस्त किया जाए। सीबीआई जांच हो। इसमें मंत्री, नेता, अधिकारियों का हाथ होने की आशंका है।


