अमनदीप सिंह | अमृतसर नगर निगम चुनाव के नतीजों के 6 दिन बाद भी कांग्रेस मेयर का नाम क्लियर नहीं कर पाई है। वीरवार को कांग्रेस देहाती भवन में प्रदेश प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा की अध्यक्षता में विजेता पार्षदों की 52 मिनट तक बंद कमरे में मीटिंग हुई मगर मेयरशिप पर कोई फैसला नहीं हो सका। बैठक में जिला शहरी प्रधान अश्वनी पप्पू, देहाती प्रधान हरप्रताप सिंह अजनाला, पूर्व डिप्टी सीएम ओपी सोनी, भगवंत पाल सिंह सच्चर, जोगिंदर पाल सिंह ढींगरा, जुगल किशोर शर्मा, दिनेश बस्सी, सुनील दत्ती, डॉ राजकुमार वेरका, डॉ. नवजोत कौर सिद्धू, तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा शामिल हुए। बैठक से पहले पार्षदों के 2 गुट नजर आए। सेंट्रल और साउथ के कांग्रेस पार्षद बाहर धूप में बैठे रहे, जबकि नॉर्थ और वेस्ट के पार्षद अंदर हाल में बैठे रहे। वड़िंग और बाजवा के आने के बाद सभी एक कमरे में बैठक को पहुंचे। वहीं राजकंवलप्रीत सिंह लक्की ने कहा कि आज अगर वह कुछ है तो सिर्फ कांग्रेस की बदौलत ही है। पार्टी चाहे जिसे भी मेयर बनाए उन्हें मंजूर पूर्व विधायक इंद्रबीर सिंह बुलारिया दक्षिण हलके के 8 पार्षदों के साथ पहुंचे, उनके साथ पार्षद सुखबीर कौर के पति दलबीर सिंह ममणके, सुखविंदर कौर के पति मोहन सिंह माड़ीमेघा, जसविंदर शेरगिल, नवप्रीत सिंह नवी जोड़ा, गगनदीप सहजरा, अश्विनी कालेशाह, रितु कुंद्रा के पति सन्नी कुंद्रा, अमित कुमार विक्की थे। जो पूरे 3 बजे पहुंचे जो बाहर धूप में बैठ गए। जिसके बाद सेंट्रल हलके से पार्षद भी बाहर ही बैठ गए, जिनमें पार्षद सरिता, विकास सोनी, गुरप्रीत कौर, मंजू मेहरा पप्पल के पति अरूण कुमार पप्पल, कुलदीप सिंह, कोमल शाह के पति ताहिर शाह, कुलबीर कौर, गुरप्रीत कौर, नीतू टांगरी के पति संजीव टांगरी शामिल थे। वहीं दूसरी तरफ उत्तरी और पश्चिमी हलके के पार्षद अंदर हॉल में ही बैठे रहे। जिसमें पार्षद नीरज चौधरी, राजकंवलप्रीत पाल सिंह लक्की, डॉ. शोभित कौर, समीर दत्ता, संदीप रिंका, नवदीप कौर के पति हरपन औजला, अनीता कुमारी के पति प्रेम कुमार, अवतार सिंह, नरिंदर सिंह तुंग, शिवाली, सुनीता बल्लू के पति सतीश बल्लू, निशा ढिल्लों के पति स्वराज बीर सिंह ढिल्लों, कशमीर सिंह, रछपाल सिंह, रमन कुमार शामिल थे। वहीं पूर्वी हलके के इंचार्ज जसबीर सिंह डिंपा 3.46 बजे पहुंचे और उनके साथ पार्षद सुजिंदर बिड़लान, मिट्ठू मदान, अमृतपाल, सतनाम सिंह साबा, नवदीप सिंह हुंदल, श्वेता छाबड़ा और गुरिंदर सिंह थे। मीटिंग के बाद कांग्रेस के पंजाब प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि निकाय चुनाव के नतीजों ने तय कर दिया है कि 2027 में लोग कांग्रेस को सत्ता में देखना चाहते हैं। निकाय चुनाव में आप को पूरे पंजाब में कहीं भी पूर्ण बहुमत नहीं मिला है। अमृतसर में मेयर को लेकर पूछे सवाल पर वड़िंग ने कहा कि मैं कोई हाईकमान नहीं हूं। अमृतसर के पार्षदों को फैसला करना है कि मेयर कौन होगा। वहीं वार्ड 30 से शैलिंदर सिंह शैली 2 वोट से हारे हैं। वह इस मामले को हाईकोर्ट में लेकर जाएंगे। विरोधियों की ओर से कहा जा रहा है कि 10 से ज्यादा पार्षद उनके संपर्क में हैं के जवाब में वड़िंग ने कहा कि यह न हो कि उनके 10 से 20 लोग कांग्रेस के संपर्क में हो। कांग्रेस जल्द मेयर का ऐलान करेगी। कांग्रेस के पंजाब प्रवक्ता नरिंदर सिंह संधू ने कहा कि मीटिंग में सभी पार्षद पहुंचे हैं। मेयर चुनने के लिए कोई बैठक नहीं थी। सभी पार्षदों से जान-पहचान करवाई गई है। सभी से कहा गया है कि अगर उन्हें लालच दिया जाए तो उसमें नहीं आना है। हर एक घर में मनमुटाव होता है टिकटों को लेकर भी थोड़ी गलती हो गई थी जो हाईकमान ने भी मानी है। अगली बैठक में मेयर का नाम बताया जाएगा। महिला मेयर बनना नोटिफिकेशन पर ही डिपेंड करता है। बैठक के बाद प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि सारे पार्षदों की सहमति से फैसला लिया जाएगा। सरकार की ओर से अभी कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ है। सभी चीजों के बाद ही कोई फैसला लिया जाएगा।


