पैरोल पर छूटकर किसान को ठगने वाला बदमाश पकड़ाया

क्राइम रिपोर्टर | दुर्ग पाटन पुलिस ने पैरोल पर जेल से बाहर आकर धोखाधड़ी करने वाले निगरानी बदमाश संजू वैष्णव को पकड़ लिया है। वह किसान को बेटे की जमानत कराने का झांसा देकर नकदी और मोबाइल समेत स्कूटी लेकर भाग गया था। पुलिस ने बताया कि 21 जून को ग्राम रवेली निवासी नंदन यादव (59 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी के मुताबिक उसका बेटा ओमप्रकाश यादव दुर्ग जेल में बंद है। 20 जून को संजू वैष्णव उसके घर आया और बेटे की जमानत करा देने की बात कही। पैसा और पट्टा साथ लेकर चलने कहा। इस पर वह अपनी स्कूटी (सीजी 07 सीक्यू 4737) पर संजू को बैठाकर दुर्ग ले गया। कोर्ट के पास पहुंचने पर आरोपी ने उसे नोटरी कार्यालय के पास खड़ा कर दिया और उससे 1500 रुपए, मोबाइल और स्कूटी लेकर चला गया। फिर वापस नहीं आया। इस पर प्रार्थी ने पाटन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले में धारा 316(2), 318 बीएनएस के तहत केस दर्ज कर पुलिस संजू की तलाश में जुट गई। आरोपी की क्राइम हिस्ट्री निकालने पर वह पाटन थाना का निगरानी बदमाश निकला। हत्या के मामले में दुर्ग जेल में सजा काट रहा था। पैरोल पर अपने घर ग्राम देवादा आया था। पैरोल की अवधि समाप्त होने पर जेल वापस नहीं गया। आरोपी संजू अपने गांव के रास्ते में घूम रहा था। पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *