देवरीबंगला| ग्राम पंचायत मार्रीबंगला के आश्रित ग्राम खैरा की प्राथमिक शाला में भवन की कमी से पढ़ाई प्रभावित हो रही है। स्कूल में 62 बच्चों के लिए सिर्फ एक कमरा है। एक कक्षा प्रधानपाठक के कमरे में लग रही है। बाकी चार कक्षाएं एक ही कमरे में चल रही हैं। पुराना स्कूल भवन जर्जर हो चुका था, इसलिए उसे तोड़ दिया गया है। विद्यालय प्रबंधन समिति और पंचायत ने भवन की कमी की जानकारी कलेक्टर और विभागीय अधिकारियों को दी। जनप्रतिनिधियों से भी भवन निर्माण की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। शाला प्रबंधन समिति के सदस्य मेघनाथ निषाद ने बताया कि भवन नहीं बनने से बच्चों की पढ़ाई पर असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द नया भवन नहीं बना तो वे स्कूल में तालाबंदी करेंगे।


