छत्तीसगढ़ में पकड़े गए अवैध घुसपैठिए बांग्लादेशियों को लेने के लिए मंगलवार सुबह 11.15 बजे सेना का विशेष विमान रायपुर पहुंचा। इसमें बीएसएफ के अधिकारी और दूसरे राज्यों में पकड़े गए अवैध बांग्लादेशी भी थे। रायपुर पुलिस की टीम अलग-अलग शहरों में पकड़े गए 30 बांग्लादेशियों को लेकर सुबह 11.45 बजे एयरपोर्ट पहुंची। बांग्लादेशियों को बंद गाड़ी में कड़ी सुरक्षा के बीच एयरपोर्ट लाया गया। एयरपोर्ट से उन्हें असम भेज दिया गया। वहां बीएसएफ बांग्लादेशियों से पूछताछ करेगी और नए सिरे से दस्तावेजों की जांच करेगी। पुख्ता होने के बाद बांग्लादेश डिपोर्ट करेगी। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह खुद बांग्लादेशियों की गाड़ी की अगुवाई कर रहे थे। बांग्लादेशियों की गाड़ी एयरपोर्ट के अंदर रनवे में ले जाया गया। दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद एसएसपी रायपुर ने बांग्लादेशियों को विमान पर बैठाया। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी एयरपोर्ट पहुंचे थे। बांग्लादेशियों को लेकर दोपहर 12.15 बजे सेना का विमान उड़ गया, जो 2 बजे गुवाहाटी असम में लैंड हुआ। बांग्लादेशियों को लेकर डीएसपी राजेश देवांगन के साथ दो और अधिकारी गए थे। गुवाहाटी एयरपोर्ट में बीएसएफ को 30 बांग्लादेशियों को दस्तावेज के साथ सौंप दिया गया है। बांग्लादेशियों को वापस भेजने की पूरी प्रक्रिया को गुप्त रखा गया था। उनका वीडियो-फोटो तक नहीं खींचने दिया गया। 15-20 दिन कस्टडी में रहेंगे
केंद्र की एसओपी के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। बांग्लादेशियों को भेजने के लिए बीएसएफ को नोडल बनाया गया है, क्योंकि भारत-बांग्लादेश बॉर्डर पर बीएसएफ तैनात है। अवैध बांग्लादेशियों को 15-20 दिनों तक बीएसएफ की कस्टडी में रहना पड़ेगा। 40 बांग्लादेशी पकड़े गए लेकिन रोहिंग्या एक भी नहीं रायपुर में 100 सीटर होल्डिंग सेंटर बनेगा: गृह मंत्री विधानसभा में ध्यानाकर्षण के दौरान भाजपा विधायक अजय चंद्राकर, धर्मजीत सिंह, भावना बोहरा और सुशांत शुक्ला ने बांग्लादेशी घुसपैठियों का मामला उठाया। विधायकों ने मंत्री से पूछा कि अभी तक कितने बांग्लादेशी-रोहिंग्या पकड़े जा चुके हैं। इस पर गृहमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि अभी तक 19 केस दर्ज हो चुके हैं और 40 बांग्लादेशी पकड़े गए हैं। इन्हें डिपोट करने की प्रक्रिया चल रही है। विष्णुदेव सरकार में इन्हें बांग्लादेश भेज दिया जाएगा। शर्मा ने कहा कि अभी तक रोहिंग्या एक भी पकड़ में नहीं आए हैं। हर जिले में घुसपैठियों को पकड़ने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स बनाई गई है। अगर किसी को कोई संदिग्ध नजर आता है तो वह टोल फ्री नंबर 18002331905 पर कॉल कर जानकारी दे सकते हैं। एम-आधार से हो रही जांच: विजय शर्मा ने सदन में बताया कि एम आधार के तहत भी कार्ड जांचा जा रहा है। इसके अलावा कई और मापदंडों पर जांच की जा रही है। अजय चंद्राकर के सवाल डिटेंशन सेंटर कहां बनाए जा रहे हैं, इसके जवाब में शर्मा ने बताया कि रायपुर में पहला 100 लोगों की क्षमता का होल्डिंग सेंटर बनाया जाएगा। हम बांग्लादेशियों को पकड़कर यहां रखेंगे। इसके बाद उन्हें बीएसएफ के हवाले कर दिया जाएगा।


